Breakingnews
उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, कई जिलों में भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी
देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक रुक-रुक कर हो रही बारिश और ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है। साथ ही उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, पौड़ी और उधम सिंह नगर जनपदों में भी कहीं-कहीं गरज और चमक के साथ वर्षा हो सकती है।
विशेषकर नैनीताल, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जनपदों और गढ़वाल के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग क्षेत्रों में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
राज्य के कई हिस्सों में तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किमी/घंटा तक हो सकती है। साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और गरज के साथ तेज बारिश का भी पूर्वानुमान जताया गया है। इन स्थितियों को ध्यान में रखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी देहरादून में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रह सकता है।
#UttarakhandRainAlert #HeavyRainfallUttarakhand #UttarakhandWeatherUpdate