Dehradun
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिर बदला, पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना, येलो अलर्ट जारी…
देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम का बदला मिजाज बुधवार को भी जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के पर्वतीय जिलों के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मई के महीने में इस तरह का मौसम बदलाव जलवायु परिवर्तन और मौसमी पैटर्न में आ रहे बदलावों का परिणाम है। इन प्रभावों के चलते एक ओर जहां पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी का असर अब भी बरकरार है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 24 मई तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम का यही रूख बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में विशेषकर चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वहीं, मैदानी इलाकों जैसे देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में तापमान में मामूली वृद्धि देखी जा सकती है। हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रहने से तापमान सामान्य से अधिकतम दो से तीन डिग्री ही ऊपर रहने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है।