Dehradun
चारधाम यात्रा की शुरुआत, गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर फूलों से सजाए गए, कपाट खुले आज से….
उत्तरकाशी: अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर बुधवार को उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। शुभ मुहूर्त में गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिससे देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों में भारी उत्साह देखने को मिला।
गंगोत्री धाम के कपाट सुबह 10:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण और गंगा पूजन के साथ खोले गए। इससे पहले मां गंगा की डोली मंगलवार को मुखबा गांव से रवाना होकर रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह 9 बजे गंगोत्री धाम पहुंची थी। मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया और गंगा सहस्त्रनाम पाठ सहित विशेष पूजा-अर्चना की गई।
वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट पूर्वाह्न 11:55 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव से बुधवार सुबह 8:38 बजे शनिदेव की अगुवाई में रवाना हुई और करीब 10 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची। यहां रोहिणी नक्षत्र एवं सिद्ध योग में विशेष पूजा व हवन के बाद मंदिर के कपाट खोले गए।
गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुशल उनियाल ने यात्रा की तैयारियों को लेकर संतोष जताया और तीर्थयात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की।
चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड में श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का माहौल बन गया है। अब 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ चारों धाम पूरी तरह श्रद्धालुओं के लिए सुलभ हो जाएंगे।
#CharDhamYatra2025 #GangotriTempleOpening #YamunotriKapaatOpen #AkshayaTritiyaPilgrimage #UttarkashiReligiousTourism