Dehradun
मुख्यमंत्री धामी ने मेजर जनरल जी.डी. बख्शी की पुस्तक ‘A History of Hinduism’ का किया विमोचन….
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को टोंस ब्रिज स्कूल, देहरादून में मेजर जनरल जी.डी. बख्शी (से.नि.) द्वारा लिखित पुस्तक “A History of Hinduism” का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा बस हादसे में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के साथ अपनी गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल जी.डी. बख्शी की यह पुस्तक निश्चित रूप से पाठकों के लिए एक अमूल्य धरोहर साबित होगी। उन्होंने कहा, “मेजर जनरल जी.डी. बख्शी न केवल एक सशस्त्र बल के अधिकारी हैं, बल्कि वे एक महान राष्ट्रवादी, विचारक और विभिन्न विषयों के जानकार भी हैं। उनकी विशेषज्ञता केवल सैन्य मामलों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने समाज, संस्कृति और इतिहास के अनेक पहलुओं पर भी गहरी सोच प्रस्तुत की है।”
“A History of Hinduism” पुस्तक पर मुख्यमंत्री ने कहा, “यह पुस्तक इतिहास, सभ्यता और सांस्कृतिक धरोहरों को नई दृष्टि से प्रस्तुत करने का बेहतरीन प्रयास है। इसमें हमारे महान धर्म की सांस्कृतिक परंपराओं, आत्मा की अभिव्यक्ति और विरासत का व्यापक और समावेशी उल्लेख किया गया है।”
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पुस्तक में वर्णित विषयों का उल्लेख किया, जिनमें युद्ध कला, वैदिक दर्शन, और योग जैसी परंपराओं का उल्लेख करते हुए युवा पीढ़ी को इससे परिचित कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा, “हमारी सनातन संस्कृति न केवल भारत की, बल्कि पूरे विश्व की सबसे पुरानी संस्कृति है। हमारे धर्म में कई ऐसे पहलू हैं जो हमें अन्य संस्कृतियों से अलग और सर्वश्रेष्ठ बनाते हैं।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने ऐसे महान ग्रंथों की रचना की जो आज भी प्रासंगिक हैं, क्योंकि वे गहनता, व्यापकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भरपूर हैं। इस पुस्तक में भारतीय सैन्य पुनरुत्थान और देश विरोधी शक्तियों के खिलाफ संघर्ष का भी उल्लेख किया गया है, जिनका प्रयास स्वतंत्रता के बाद देश को बांटने का था।