Dehradun
देहरादून में गोल्ड होलमार्क सेंटर पर दिल्ली की टीम की छापेमारी, कारोबारियों में मचा हड़कंप
Dehradun News : देहरादून के धामावाला बाजार में सोना गलाने और होलमार्किंग का काम करने वाले एक सेंटर पर शुक्रवार को दिल्ली से पहुंची टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया और स्थानीय पुलिस को इसकी पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई। टीम के अचानक पहुंचने से बाजार में हलचल मच गई। छापेमारी के बाद सेंटर बंद कर दिया गया। वहीं, बाजार में कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
Table of Contents
देहरादून में गोल्ड होलमार्क सेंटर पर दिल्ली की टीम की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, धामावाला बाजार स्थित बीजी होलमार्क सेंटर में सोना गलाने और उसकी होलमार्किंग का काम किया जाता है। बताया जा रहा है कि जिस संपत्ति में ये सेंटर संचालित हो रहा है, वो देहरादून के एक बड़े ज्वैलर की है, जिन्होंने इसे किराये पर दिया हुआ है।
शुक्रवार को दिल्ली से पहुंची टीम ने अचानक सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई की गोपनीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। टीम के पहुंचते ही आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छापेमारी के बाद सेंटर किया गया बंद
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सेंटर को नोटिस भी दिया गया। छापेमारी के बाद सेंटर बंद कर दिया गया। बाजार में यह चर्चा भी रही कि टीम पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को अपने साथ ले गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तस्करी के सोने से जुड़ी जांच की चर्चा
छापेमारी के बाद सराफा कारोबारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बाजार में विदेश से तस्करी कर लाए गए सोने को गलाने और चोरी के जेवरों को पिघलाकर उनका स्वरूप बदलने जैसी आशंकाओं पर भी चर्चा हुई। सूत्रों की मानें तो कार्रवाई में इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस और कस्टम विभाग के अधिकारी शामिल थे। हालांकि, छापेमारी के वास्तविक कारणों और जांच के विषय में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दून पुलिस को नहीं थी कार्रवाई की जानकारी
इस मामले में एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि किसी भी राज्य की पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में देहरादून पुलिस से संपर्क नहीं किया था। उन्होंने कहा कि यदि दून पुलिस के साथ इस मामले की जानकारी साझा की जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।