Ramnagar
मां की आंखों के सामने बेटे पर झपटा बाघ, घसीटकर जंगल में ले गया, फिर मिला शव
Ramnagar News : कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे रामनगर के तराई पश्चिमी वन क्षेत्र में बाघ का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। यहां मवेशी चराने गए 22 साल के युवक पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। मां और चचेरे भाई की आंखों के सामने बाघ युवक को घसीटकर जंगल में ले गया।
Table of Contents
मां की आंखों के सामने बेटे पर झपटा बाघ
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन क्षेत्र में बाघ के हमले से एक युवक की मौत हो गई। घटना रामनगर के फाटो वन गुज्जर खत्ते की है, जहां मवेशियों को चराने गए 22 वर्षीय युवक पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ युवक को घसीटकर जंगल के अंदर ले गया।
घसीटकर जंगल में ले गया, फिर मिला शव
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद युवक का शव जंगल से बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

मां और चचेरे भाई के सामने बाघ ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, ढेला के फाटो वन गुज्जर खत्ता निवासी दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास अचानक बाघ ने दिलशाद पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए जंगल के भीतर ले गया।
युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम
ये घटना दिलशाद की मां और चचेरे भाई के सामने हुई। युवक को बाघ के कब्जे में जाता देख उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और वन विभाग को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से जंगल में सर्च अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद दिलशाद का शव बरामद हुआ। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।