big news

धामी कैबिनेट की अहम बैठक आज, मानदेय बढ़ोतरी समेत कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

Published

on

Dhami Cabinet Meeting : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज यानी 27 नवंबर को मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड सामने आने के बाद अब सरकार और संगठन चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। ऐसे में कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। माना जा रहा है कि सरकार चुनाव से पहले विभिन्न वर्गों की मांगों को पूरा करने और उन्हें राहत देने के लिए बड़े फैसले ले सकती है।

धामी कैबिनेट की अहम बैठक आज

उत्तराखंड में चुनाव नजदीक आते ही विभिन्न संगठनों और कर्मचारी वर्गों के धरना-प्रदर्शन तेज हो जाते हैं। इसकी वजह यह है कि चुनावी साल में लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार का ध्यान तेजी से जाता है। प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, पीआरडी जवान, अतिथि शिक्षक और सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में इन वर्गों की अहम भूमिका को देखते हुए कैबिनेट बैठक में इनकी मांगों से जुड़े प्रस्तावों पर फैसला होने की संभावना जताई जा रही है।

मानदेय बढ़ोतरी समेत कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

बता दें कि इस बैठक में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में बढ़ोतरी से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही पीआरडी जवानों और सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर भी सरकार निर्णय ले सकती है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के प्रस्तावों और मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं से जुड़े मामलों पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है। सरकार की कोशिश है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले घोषणाओं को अमलीजामा पहनाकर ज्यादा से ज्यादा योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए।

Dhami Cabinet Meeting

आज होने वाली कैबिनेट की बैठक पर टिकीं सबकी निगाहें

वहीं, राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब पांच लाख महिलाओं को बैणी-भुली योजना के तहत प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय पहले ही ले चुकी है। दिसंबर महीने में इस योजना की पहली किस्त जारी की जानी प्रस्तावित है, लेकिन अभी तक प्रोत्साहन राशि की रकम और भुगतान की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में योजना के तहत मिलने वाली धनराशि और पहली किस्त जारी करने की तारीख को लेकर फैसला होने की उम्मीद है।

इसके अलावा किसानों और आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने का प्रस्ताव भी बैठक में चर्चा का विषय बन सकता है। ऐसे में आज होने वाली कैबिनेट बैठक पर प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और आम लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version