Nainital

गुलदार के हमले में बुजुर्ग घायल, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

Published

on

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में इंसान और जंगली जानवरों के बीच बढ़ते टकराव का एक और मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम ग्राम पिरूमदारा हिम्मतपुर नई बस्ती के तहत तराई पश्चिमी वन प्रभाग के आमपोखरा इलाके में खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें परिजनों द्वारा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, 55 वर्षीय उदय राज सिंह अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक जंगल से निकला गुलदार उन पर हमला कर बैठा। हमला इतना तेज था कि वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। उनकी चीख सुनकर आसपास खेतों में मौजूद परिजन और अन्य ग्रामीण दौड़े, और शोर मचाने पर गुलदार मौके से भाग गया।

घटना के बाद परिजनों ने तुरंत उदय राज सिंह को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इस हमले ने गांव में गुलदार के बढ़ते आतंक को उजागर किया है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गुलदार की आवाजाही गांव के आसपास देखी जा रही थी, और वन विभाग को कई बार इसकी सूचना दी गई थी। लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए थे। अब, इस हमले के बाद गांववाले वन विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ, प्रकाश आर्य ने इस घटना के बाद गश्त बढ़ाने और गुलदार की लोकेशन ट्रैक कर उसे पकड़ने की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version