नैनीताल : नैनीताल जिले के पहाड़पानी और धानाचूली क्षेत्र में सोमवार सुबह साल की पहली बर्फबारी हुई, जिससे स्थानीय निवासियों और किसानों के चेहरे खिल उठे। यह बर्फबारी सुबह 5 बजे से शुरू होकर लगभग आधे घंटे तक जारी रही। बर्फबारी का आनंद लेने के लिए लोग बाहर निकल आए, और क्षेत्र में बर्फ की सफेद चादर फैलने से दृश्य काफी मनोरम हो गए।
किसानों के लिए यह बर्फबारी विशेष महत्व रखती है, क्योंकि यह उनके लिए मौसम के अच्छे संकेत मानी जाती है। इस दौरान स्थानीय लोग और किसान खुशी से झूम उठे, क्योंकि बर्फबारी और बारिश की उम्मीद से उनकी फसलों के लिए अच्छे दिन आने की संभावना जगी है।
हालांकि, नौ बजे के बाद धूप खिलने से बर्फ पिघल गई, लेकिन किसानों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में और बर्फबारी और बारिश हो सकती है, जिससे उनकी फसलों को फायदा होगा।