big news
हरिद्वार में हुई बीजेपी की अहम बैठक खत्म, अमित शाह ने भाजपा नेताओं को दिया जीत का मंत्र
Haridwar News : हरिद्वार के गोडविन होटल में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक समाप्त हो गई। बैठक में सीएम धामी, महेंद्र भट्ट समेत भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
Table of Contents
हरिद्वार में हुई बीजेपी की अहम बैठक खत्म
हरिद्वार में हुई बीजेपी की अहम बैठक खत्म हो गई है। बैठक के बाद भाजपा नेताओं में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर खासा उत्साह और आत्मविश्वास दिखाई दिया। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने संगठन को और मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा की।
अमित शाह ने भाजपा नेताओं को दिया जीत का मंत्र
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ 2027 के चुनाव की तैयारी में जुट गई है। उन्होंने कहा कि आज गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का मंत्र दिया है और इसी रणनीति के साथ भाजपा एक बार फिर उत्तराखंड में सरकार बनाने जा रही है।

2027 में तीसरी बार भी भाजपा सरकार बनना तय
वहीं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि पिछले चार वर्षों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में जो विकास कार्य हुए हैं, उनका सीधा लाभ जनता को मिला है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि जनता का भरोसा भाजपा पर और मजबूत हुआ है और 2027 में तीसरी बार भी भाजपा सरकार बनना तय है।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ पार्टी कर रही काम
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि भाजपा की रणनीति शुरू से ही बूथ को मजबूत करने की रही है। उन्होंने कहा कि ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ पार्टी लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रही है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत कर रहे हैं। बैठक के बाद अन्य मंत्री और नेता भी उत्साह से भरे नजर आए और सभी ने एक स्वर में 2027 में फिर से भाजपा सरकार बनाने का दावा किया।