Crime
हरिद्वार: पुलिस ने 3 वर्षीय बच्ची को गाजियाबाद से किया बरामद , रिश्तेदार ने रंजिश में किया था अपहरण !
हरिद्वार: कनखल क्षेत्र से एक तीन साल की बच्ची का अपहरण करने वाले रिश्तेदार को पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। अपहरणकर्ता, बब्बू निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश, ने रंजिश के चलते बच्ची का अपहरण किया था। पुलिस ने महज 10 घंटे में आरोपी को पकड़कर बच्ची को सुरक्षित छुड़ाया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि गुरुवार रात कनखल की एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि बब्बू ने उसकी तीन वर्षीय बेटी को चॉकलेट और नमकीन दिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया, लेकिन लौटकर नहीं आया। परिवार द्वारा की गई खोजबीन के बावजूद बच्ची और बब्बू का कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिशें भी विफल रही, क्योंकि बब्बू का फोन स्विच ऑफ था।
कनखल थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल की अगुवाई में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पता चला कि बब्बू बच्ची को लेकर हरिद्वार बस अड्डे पर पहुंचा और दिल्ली जाने वाली बस में सवार हो गया। इसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद के आर्यनगर में दबिश देकर बब्बू को गिरफ्तार कर लिया और बच्ची को सकुशल बरामद किया।
पूछताछ में बब्बू ने खुलासा किया कि उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया था, जिसके कारण वह बदला लेने के लिए बच्ची का अपहरण करने का सोचने लगा। वह बच्ची को लखनऊ ले जाने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
#Kidnapping, #HaridwarPolice, #Amroha, #FamilyDispute, #BabuArrested