Accident
भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरा वाहन, 2 की मौत, 1 घायल…
पौड़ी: उत्तराखंड के सतपुली-दुधारखाल-रिखणीखाल मार्ग पर सीरवाना गांव के पास एक वाहन गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, मैक्स वाहन ब्लाइंड मोड़ पर सड़क से 30 मीटर नीचे गिरा, जिससे दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जसबीर सिंह (36) निवासी बगर गांव और मनवर सिंह (40) निवासी डोबरिया के रूप में हुई है। जसबीर सिंह एक स्थानीय दुकानदार थे, जबकि मनवर सिंह पीआरडी जवान थे और तहसील रिखणीखाल में तैनात थे।
दुर्घटना में घायल वाहन चालक सतपाल उर्फ कोमल (41) को प्राथमिक उपचार के बाद कोटद्वार के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वह तहसीलदार रिखणीखाल के अधीन कार्यरत थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सड़क हादसे का कारण ब्लाइंड मोड़, संकरी सड़क और बारिश के कारण अधिक कोहरा बताया जा रहा है। थाना प्रभारी संतोष पैथवाल ने कहा कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकालकर पंचनामा और अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल चालक का इलाज जारी है।
#RoadAccident, #SerwanaVillage, #FatalCrash, #RescueOperation, #InjuredDriver