Dehradun
संविधान दिवस पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यों की दिलाई शपथ !
देहरादून: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राजभवन में संविधान दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान में निहित कर्तव्यों और दायित्वों की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्यपाल ने संविधान की उद्देशिका का पाठ किया और संविधान को आत्मार्पित करने के ऐतिहासिक दिन 26 नवम्बर, 1949 की अहमियत पर प्रकाश डाला।
राज्यपाल ने संविधान के निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि भारत का संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है और इसकी शक्तियों का स्रोत है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माण में देश के महा मनीषियों की परिश्रम और विचारों की महत्ता से ही एक लोक कल्याणकारी संविधान का निर्माण संभव हुआ था।
कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का आह्वान
राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय संविधान के आदर्शों, सिद्धांतों और कर्तव्यों की याद दिलाने का दिन है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित दस्तावेज है, जो देश के नागरिकों के लिए मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ के रूप में कार्य करता है। इसके आलोक में भारत के नागरिक अपने राष्ट्र के उज्जवल भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पर हमें संविधान निर्माताओं द्वारा जताए गए विश्वास को कायम रखते हुए संविधान में निहित कर्तव्यों का पालन करना होगा। राज्यपाल ने नागरिकों से अपील की कि वे संविधान के अनुच्छेद 51(क) के तहत अपने मौलिक कर्तव्यों को समझें और उनका पालन करें, ताकि संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारा जा सके।
#ConstitutionDay, #Governor, #DutyOath, #ConstitutionMakers, #FundamentalDuties