Uttarakhand

देहरादून में ‘OPERATION NIGHT WATCH’ का एक्शन, 2 दिन में 71 ड्रिंक एंड ड्राइविंग में गिरफ्तार

Published

on

OPERATION NIGHT WATCH: देहरादून में हुड़दंगी छात्रों और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने “ऑपरेशन नाइट वॉच” शुरू किया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के नगर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में रात के समय सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कड़ी कार्रवाई कर रही है।

हुड़दंग और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती

पिछले दो दिनों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके 21 चार-पहिया व 50 दो-पहिया वाहनों को सीज किया गया है। इसके अलावा हूटर, काले शीशे और रैश ड्राइविंग जैसे नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 98 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 38,500 का जुर्माना वसूला गया, जबकि 21 मामलों में कोर्ट चालान भी किए गए।

ये भी पढ़ें_ देहरादून में निजी कॉलेज के छात्रों में खूनी संघर्ष ! मारपीट में एक छात्र की मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार

रात में सघन चेकिंग अभियान, 2600+ वाहनों की जांच

अभियान के दौरान पुलिस ने 2663 वाहनों की चेकिंग की और 1900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया। वहीं, रात में अनावश्यक रूप से घूम रहे 288 लोगों को रोककर पूछताछ की गई, जिनमें से 156 संदिग्धों को थाने लाया गया। इस दौरान 99 लोगों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए ₹49,500 का जुर्माना भी लगाया गया।

एसएसपी की चेतावनी, हुड़दंगी छात्रों पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसएसपी देहरादून ने साफ तौर पर कहा है कि विश्वविद्यालय और कॉलेजों के नाम पर रात में अनावश्यक रूप से घूमना, हुड़दंग करना या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित संस्थान से निष्कासन (रस्टिकेशन) की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढ़ें_ देहरादून के मांडूवाला में युवती की हत्या से सनसनी, जंगल से कट्टे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

दून पुलिस का ऑपरेशन नाइट वॉच(OPERATION NIGHT WATCH)

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने वाले छात्रों की पहचान करें और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही, रात में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और अराजक तत्वों पर नियंत्रण के लिए लगातार स्थान बदल-बदल कर चेकिंग अभियान चलाया जाए। पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version