Dehradun
उत्तराखंड में आयोजित हो रहा प्रथम अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन , 17 देशों से आएंगे प्रतिनिधि….
देहरादून : उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रथम अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में 17 देशों में रहने वाले उत्तराखंडी शामिल हो रहे हैं। अब तक 50 से अधिक जाने-माने प्रवासी उत्तराखंडी इस सम्मेलन के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। यह सम्मेलन 12 जनवरी को आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
इस एक दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य उत्तराखंड में निवेश की संभावना, हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस, कौशल विकास, विदेशों में रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों पर चर्चा करना है। इसके अलावा, उद्यान और जड़ी-बूटी के क्षेत्र में संभावनाओं पर भी पैनल डिस्कशन होंगे। सम्मेलन में कुल चार सत्रों में विभिन्न विशेषज्ञ और प्रवासी उत्तराखंडी अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
दिग्गज प्रवासी होंगे शामिल
इस सम्मेलन में विदेशों में रहते हुए विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमाने वाले कई प्रवासी उत्तराखंडी भी भाग ले रहे हैं। इसमें प्रवासी भारतीय सम्मान प्राप्त दुबई निवासी गिरीश चंद्र पंत, चीन से देव रतूड़ी, अमेरिका से डॉ. अनिता शर्मा, जापान से भुवन तिवारी, सिंगापुर से सुनील थपलियाल और मीनाक्षी डबराल, और थाईलैंड से डॉ. ए के काला जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। कई प्रवासी इससे पहले भारत सरकार द्वारा भुवनेश्वर में आयोजित प्रवासी भारतीय दिवस में भी हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन की विस्तृत जानकारी के लिए https://pravasiuttarakhandi.uk.gov.in/en/program पर वेबसाइट भी लॉन्च कर दी गई है, जहां लोग कार्यक्रम से जुड़ी सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री की पहल से हुआ आयोजन
यह सम्मेलन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल से आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दिसंबर 2023 में आयोजित होने वाली इन्वेस्टर समिट से पहले विदेश दौरे पर जाकर प्रवासी उत्तराखंडियों से मुलाकात की थी। इस दौरान प्रवासी उत्तराखंडियों ने मुख्यमंत्री का उत्तराखंड की रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत किया। इस मुलाकात के बाद, मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव का लाभ उठाने के लिए एक प्रवासी उत्तराखंडी सेल गठित करने का निर्देश दिया था और साथ ही अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई।
राज्य और गांवों के विकास में योगदान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “विदेशों में रहने वाले उत्तराखंडी हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं। उनके पास ज्ञान, विज्ञान, तकनीकी, और उद्यमिता का विशाल अनुभव है, जिसे प्रदेश और गांवों के विकास में इस्तेमाल किया जा सकता है। हम प्रवासी उत्तराखंडियों के इस योगदान को पूरा समर्थन देने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भी प्रवासियों को अपने राज्य के विकास में योगदान करने के लिए प्रेरित करते रहे हैं, और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।”
इस सम्मेलन के माध्यम से, उत्तराखंड सरकार की कोशिश है कि राज्य के विकास में प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव और विशेषज्ञता का भरपूर लाभ उठाया जा सके।