श्रीनगर गढ़वाल – उत्तराखंड के श्रीनगर में देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। कीर्तिनगर में पैंडुला-मैखंडी मोटर मार्ग पर एक मैक्स वाहन खाई में गिर गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए बेस अस्पताल लाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब सवा पांच बजे के आसपास की है। पैंडुला-मैखंडी मोटर मार्ग पर सेमला व काटल के बीच मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया।
बताया जा रहा है कि वाहन इस मार्ग से न्यूली की ओर जा रहा था। इस दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। मौके पर पहुंचे लोगों एवं पुलिस टीम ने दुर्घटना में शवों को सड़क पर पहुंचाया, जबकि घायल को बेस अस्पताल ले जाया गया।
कोतवाली निरीक्षक कीर्तिनगर देवराज शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में मृतकों की पहचान पंकज फोदणी (36) पुत्र कैलाश चंद्र फोदणी निवासी न्यूली, रमेश लाल (40) पुत्र सपरी लाल निवासी अमरोली, चालक गणेश मिंया(31) पुत्र उमेद सिंह मिंया, निवासी अमरोली के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मनोज (29) पुत्र दिनेश निवासी अमरोली घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए बेस अस्पताल पहुंचाया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट भिजवाया गया है।