Crime
किशोरी से दुष्कर्म पर बवाल: घर में घुसकर लडकी को पीटा..बाल खींचे, भाई ने किया विरोध मारी लात, फिर बेहोशी में की हैवानियत।
गाजियाबाद – गाजियाबाद के साहिबाबाद में लिंक रोड थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी बुधवार शाम करीब पांच बजे रिक्शा चालक की 16 साल की बेटी के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया गया। इस केस में नामजद कराए गए साहिबाबाद के शहीदनगर निवासी फैजान (20) को पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह दस बजे गिरफ्तार कर लिया। वह लिंक रोड क्षेत्र में कबाड़ी की दुकान पर काम करता है। पीड़िता और आरोपी अलग-अलग समुदाय के होने की वजह से तनाव की स्थिति बन गई। गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ और आगजनी की। इसके बाद पुलिस ने चौकी के बाहर धरना दे रहे लोगों को लाठी बरसाकर भगाया।
घटना का पता चलने पर सुबह करीब 11 बजे हिंदू परिवार गौ रक्षक समेत कई संगठनों के लोग लिंक रोड थाने पर जमा हो गए। इन लोगों ने आरोपी को उनके हवाले किए जाने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। वे लोग घटना को सामूहिक दुष्कर्म की बताकर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जाम लगने से दिल्ली जाने और वहां से आने वाले लोगों को लंबे रास्ते से जाना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने समझाया आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस पर वे लोग दोपहर 12 बजे लौट गए। लेकिन, दो घंटे बाद फिर से बवाल कर दिया। इस पर आठ थानों की पुलिस बुला ली गई। रात को पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को लाठी बरसाकर खदेड़ा।
एफआईआर में किशोरी के पिता ने बताया है कि उनकी बेटी और आठ साल का बेटा घर पर थे। अन्य लोग काम पर गए हुए थे। फैजान घर में घुस गया। उसने बेटी के बाल खींचे, उसे चांटे मारे। बेटे ने विरोध किया तो उसे लात मारी। इसके बाद बेटी के मुंह पर रुमाल डाल दिया। इससे वह बेहोश हो गई। उसे जब होश आया तो पता चला कि उसके साथ गलत काम किया गया है। एसीपी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। साक्ष्य जुटाकर इस केस में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।