Accident

उत्तराखंड में काल बनी सड़कें, तीन हादसों में 14 की मौत, PM मोदी और राहुल गांधी ने जताया दुख

Published

on

Uttarakhand News : उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश क्षेत्र में हुए इन हादसों में कुल 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए। सबसे भीषण हादसा टिहरी के गूलर में हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। वहीं, रुद्रप्रयाग में बोलेरो और फकोट क्षेत्र में मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

उत्तराखंड में काल बनी सड़कें, तीन हादसों में 14 की मौत

उत्तराखंड में एक के बाद एक तीन हादसों के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई की हालत गंभीर है। इन दुर्घटनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राहुल गांधी ने भी दुख जताया।

गूलर बस हादसे में नौ की मौत, 26 घायल

टिहरी जिले की गूलर घाटी में मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में गिर गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

रुद्रप्रयाग हादसा : बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत

रुद्रप्रयाग में सोमवार देर रात बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर पोखरी से रांसी जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हुए। इनमें चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

मैक्स हादसा में एक की मौत, चार घायल

फकोट विकासखंड के बांस काटल गांव में मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चारों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।

पीएम मोदी, सीएम धामी और राहुल गांधी ने जताया दुख

तीनों हादसों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version