Dehradun
रेखा आर्या के फार्म हाउस पर चलेगा बुलडोजर !, बरेली विकास प्राधिकरण ने की ध्वस्तीकरण की तैयारी
Uttarakhand News : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी की गिरफ्तारी के बाद अब बरेली स्थित एक फार्म हाउस को लेकर नया विवाद सामने आया है। बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र के लालपुर गांव में बना यह आलीशान फार्म हाउस बिना नक्शा पास कराए बनाया गया है। अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने इसे ध्वस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है।
Table of Contents
रेखा आर्या के फार्म हाउस पर चलेगा बुलडोजर
वर्ष 2024 में पप्पू गिरधारी के करीबी सत्येंद्र राठौर की ओर से इस भवन की कंपाउंडिंग के लिए बीडीए में आवेदन किया गया था। हालांकि, निर्धारित शुल्क जमा नहीं किया गया और जरूरी अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके चलते कंपाउंडिंग की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
चुनावी हलफनामे में कंपनी की हिस्सेदारी का उल्लेख
बता दें कि इस फार्म हाउस की जमीन अलग-अलग गाटा संख्याओं में कई लोगों के नाम पर दर्ज है। इसमें उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नाम पर 3,300 वर्गमीटर जमीन का बैनामा है। वहीं, अन्य जमीन कृष्णा वैष्णवी इंटरप्राइजेज के नाम पर दर्ज है। इस कंपनी में रेखा आर्य की हिस्सेदारी का उल्लेख उनके चुनावी हलफनामों में भी किया गया है।
बरेली विकास प्राधिकरण ने की ध्वस्तीकरण की तैयारी
कंपाउंडिंग के लिए राजस्व, वन एवं पर्यावरण, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत और सीलिंग विभाग से एनओसी लेना अनिवार्य था। लेकिन आवेदन के साथ इनमें से किसी भी विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं लगाया गया। इस पर बीडीए ने सितंबर में नोटिस जारी किया था।
बीडीए सचिव हिमांशु गुप्ता के मुताबिक, फार्म हाउस रेखा आर्या और दो अन्य कंपनियों के नाम पर है। बिना नक्शा निर्माण की जांच के बाद वर्ष 2024 में कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन अब तक जरूरी एनओसी नहीं दी गई हैं। पहले भी नोटिस भेजा जा चुका है। जवाब नहीं मिलने पर कंपाउंडिंग का आवेदन निरस्त कर भवन को ध्वस्त कराया जाएगा।