Dehradun
उत्तराखंड: देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए खास लगेंगी लाइटें….
देहरादून: देहरादून-दिल्ली छह लेन एक्सप्रेस-वे पर एलिवेटेड रोड पर वन्यजीवों की सुरक्षा का खास ध्यान रखा जा रहा है। सड़क के किनारे लगने वाली नई लाइटें जंगलों में रात्रिचर और अन्य वन्यजीवों के विचरण में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं करेंगी। इन लाइटों को भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के वैज्ञानिकों द्वारा किए गए अध्ययन के आधार पर खासतौर पर डिज़ाइन किया गया है।
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे राजाजी और शिवालिक वन प्रभाग के बीच से होकर गुजरता है, जिससे वन्यजीवों के प्राकृतिक विचरण पर असर पड़ सकता था। इसी को ध्यान में रखते हुए, यहां पर 12 किमी लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण किया गया है, जो वन्यजीवों के लिए सुरक्षित मार्ग प्रदान करेगा।
सड़क के ऊपर वाहनों का आवागमन होगा, जबकि नीचे वन्यजीवों का विचरण जारी रहेगा। इसके साथ ही, वन्यजीवों को परेशान न करने के लिए साउंड बैरियर की भी व्यवस्था की जा रही है।
800 नान स्कैटरिंग लाइटों की योजना
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा वाहन चालकों की सुविधा के लिए एलिवेटेड रोड पर लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया है। इन लाइटों का विशेष अध्ययन भारतीय वन्यजीव संस्थान द्वारा तीन महीने तक किया गया। वैज्ञानिकों के अध्ययन के बाद चार लाइट विकल्पों में से एक नान स्कैटरिंग लाइट को चुना गया, जो केवल फ्लाईओवर पर रोशनी देगा और उसका फैलाव अन्य स्थानों पर नहीं होगा।
एनएचएआई ने 800 ऐसी लाइटों को लगाने की योजना बनाई है, जिससे वन्यजीवों पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस तरह के विशेष कदम वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।