Dehradun
उत्तराखंड: फरवरी के अंत में एक बार फिर मौसम बदलने के आसार, बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी…
देहरादून: उत्तराखंड में फरवरी के अंत में एक बार फिर मौसम बदलने के आसार हैं। पिछले दो दिनों से मौसम साफ रहने के बावजूद, मौसम विज्ञान केंद्र ने 26 और 27 फरवरी को बारिश और बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के सभी जिलों में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से उत्तराखंड में मौसम में अचानक बदलाव आ रहा है। ठंडी हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके कारण बारिश और बर्फबारी की संभावना बढ़ गई है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 फरवरी को देहरादून सहित उत्तरकाशी और टिहरी जिले के कुछ हिस्सों में तेज गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 27 फरवरी को पूरे प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है, सिवाय बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर जिले के। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के चलते तापमान में और गिरावट हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि 26 और 27 फरवरी को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सीधा असर तापमान पर पड़ेगा, लेकिन 28 फरवरी से मौसम साफ होने की संभावना है।