Uttar Pradesh

विजयदशमी: रामायण के राम चलाएंगे अग्निबाण, 75 ड्रोन की मदद से होगा लाइव युद्ध !

Published

on

मेरठ – मेरठ शहर में 11 स्थानों पर शनिवार को दशहरा मेला होगा। श्रीराम अग्नि बाण चलाकर रावण का अंत करेंगे। छावनी रामलीला कमेटी के महामंत्री गणेश अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को दशहरा के दिन लीला में सबसे बड़ा आकर्षण होगा।

एक तरफ 75 ड्रोन की मदद से आकाश में श्रीराम-रावण का युद्ध चल रहा होगा, दूसरी तरफ रामानंद सागर की रामायण में श्रीराम का किरदार निभा चुके सांसद अरुण गोविल अग्नि बाण चलाकर रावण का अंत करेंगे

शहर में सदर भैसाली ग्राउंड, दिल्ली रोड रामलीला ग्राउंड, जिमखाना मैदान, प्रह्लादनगर, शास्त्रीनगर, सूरजकुंड, जेलचुंगी, तोपखाना फुटबॉल ग्राउंड, रजबन फुटबॉल ग्राउंड, कसेरूरखेड़ा रामलीला ग्राउंड, कंकरखेड़ा मार्शल पिच पर दशहरा मेले का आयोजन होगा। शहर रामलीला कमेटी जिमखाना के द्वारा दिल्ली रोड स्थित रामलीला ग्राउंड में मेला और रावण का पुतला दहन किया जाएगा।

प्रवक्ता विपुल सिंघल ने बताया कि पूर्व के वर्षों में जिमखाना के आसपास रहने वाले लोग दशहरा मेले से वंचित रह जाते थे। ऐसे में इस बार जिमखाना मैदान बड़ी स्क्रीन में दिल्ली रोड रामलीला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को लाइव दिखाया जाएगा। रजबन रामलीला कमेटी से जुड़े राजेश सेठी ने बताया कि रामलीला में श्रीराम और रावण का युद्ध बहुत ही सुंदर ढंग से दिखाया जाएगा।

शहर में रूट डायवर्जन, संभलकर निकलें
दशहरा के चलते शहर में रूट डायवर्जन किया गया है। रामलीला ग्राउंड, भैसाली ग्राउंड, जेल चुंगी चौराहा, और सूरजकुंड पार्क में मेले के चलते रूट डायवर्ट रहेगा। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि डायवर्जन दोपहर 12 बजे से रात को दशहरा पर्व समाप्ति तक रहेगा। 12 अक्तूबर को शहर में नो एंट्री जोन में भारी वाहनों का प्रवेश रात एक बजे तक पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

दशहरा मेला के चलते यहां रहेंगे वाहन प्रतिबंधित
-दिल्ली रोड पर रामलीला ग्राउंड में दशहरा मेले के आयोजन के कारण बागपत तिराहा (फुटबाॅल चौक) से शॉप्रिक्स तिराहे के बीच दिल्ली रोड पर सभी प्रकार के हल्के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन बिजली बंबा बाईपास होकर एवं बागपत तिराहे (फुटबाॅल चौक) से बागपत रोड होकर जा सकेंगे।

ब्रह्मपुरी चौराहा, शारदा रोड से दिल्ली चुंगी की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों को रामलीला ग्राउंड दिल्ली रोड की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को दिल्ली चुंगी से बागपत तिराहे (फुटबाल चौक) की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा, जो बागपत रोड होकर जा सकते हैं।

सूरजकुंड पार्क में दशहरा मेले के आयोजन के कारण गांधी आश्रम चौराहे से सूरजकुंड मंदिर की ओर, सीताराम हॉस्टल पुलिया से सूरजकुंड मंदिर की ओर तथा सूरजकुंड स्पोर्टस मार्केट नाले की पुलिया से सूरजकुंड मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

भैसाली ग्राउंड में दशहरा मेले के आयोजन के कारण जली कोठी से भैंसाली ग्राउंड की ओर, गुरू तेग बहादुर स्कूल से भैंसाली ग्राउंड की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

बाहर आने-जाने वाले वाहनों के लिए ये रहेगा प्लान 
दिल्ली की ओर से आने वाली रोडवेज की बसें जिनको भैसाली बस अड्डे पर आना है, उन्हें परतापुर इंटरचेंज एक्सप्रेसवे से बागपत बाईपास चौराहा, शोभापुर चौराहा, कंकरखेड़ा बाईपास चौराहे से कंकरखेडा रेलवे ओवर ब्रिज होकर जीरो माइल, बेगमपुल से होते हुए जाना होगा। वापसी में भी बसें इसी रूट से जाएंगी।

मुजफ्फरनगर व बिजनौर की ओर से आने वाली रोडवेज की बसें जीरो माइल, बेगमपुल होकर भैसाली बस अड्डे तक आ सकेंगी।

मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर व मुरादाबाद की ओर जाना है, वे मोदीपुरम फ्लाईओवर से सरधना फ्लाईओवर, परतापुर इंटरचेंज मोहिउद्दीनपुर खरखौदा मोड़ से कस्बा खरखौदा होते हुए जाएंगे।

जेलचुंगी चौराहे पर दशहरा मेला का आयोजन होने के कारण गढ़मुक्तेश्वर, मुरादाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन डिग्गी तिराहा से डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन तेजगढ़ी चौराहे से एल ब्लाॅक, बिजली बंबा पुलिस चौकी से खरखौदा होते हुए मोहिद्दीनपुर एनएच-58 परतापुर इंटरचेंज से मोदीपुरम होते हुए मुजफ्फरनगर की तरफ जाएंगे।

 

 

 

 

#DussehraMela, #ArunGovil, #RamRavanBattle, #DroneShow, #TrafficDiversion 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version