almora
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अधिकारियों को चेतावनी, विकास कार्यों की अनदेखी पर नपेंगे अधिकारी
Almora News : कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि विकास कार्यों में अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा है कि विकास कार्यों की अनदेखी पर अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
Table of Contents
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अधिकारियों को चेतावनी
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरें और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विकास कार्यों की अनदेखी पर नपेंगे अधिकारी
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सोमेश्वर में नवनिर्मित उप जिला अस्पताल का उद्घाटन जल्द से जल्द किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन के दिन अस्पताल में चिकित्सकों व अन्य आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे कि उद्घाटन के साथ ही अस्पताल की सेवाएं आम जनता के लिए शुरू हो सकें।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विकासखंड ताकुला के गांव बीना के तोक दुर्गाथल और गांव भेटुली के तोक लोहारखोला में सोलर पेयजल पंपिंग योजना के निर्माण कार्य में गड़बड़ी की जानकारी सामने आने पर जिलाधिकारी को मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनहित के कार्यों की अवहेलना पर होगी कड़ी कार्रवाई
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी जनहित के कार्यों की अवहेलना करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे और जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिले।