Crime
पुलिस की बड़ी कामयाबी, नशा तस्कर से मुठभेड़ में तस्कर घायल !
उधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 2025 तक उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए नानकमत्ता थाना पुलिस ने शनिवार देर रात एक नशा तस्कर से मुठभेड़ की। यह मुठभेड़ उस समय हुई जब पुलिस ने नशे की खेप ले जा रहे एक तस्कर को रोकने की कोशिश की। तस्कर द्वारा पुलिस पर की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी कार्यवाही की, जिससे तस्कर घायल हो गया।
घायल तस्कर को गिरफ्तार कर सामुदायिक अस्पताल नानकमत्ता में भर्ती कराया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तस्कर से 120 ग्राम अवैध नशे का सामान और एक तमंचा बरामद किया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घायल तस्कर से पूछताछ की। आरोपी का नाम सुखविंदर सिंह उर्फ बिट्टू, निवासी ग्राम बिसौटा, थाना नानकमत्ता बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, तस्कर पर पहले भी नशा तस्करी और पुलिस पर हमला करने के मामले दर्ज हैं।
एसएसपी मिश्रा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और जिले में नशे को पनपने नहीं दिया जाएगा।
#Drugsmuggler, #Policeencounter, #Narcoticsrecovery, #Uttarakhandpolice, #Illegalsubstance