Udham Singh Nagar

खटीमा के जंगल में युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, अब तक नहीं हो पाई शिनाख्त

Published

on

Khatima News : उत्तराखंड के खटीमा में सुरई वन क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जंगल के भीतर एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगचिह्न मिलने के बाद युवक की मौत जंगली जानवर के हमले में होने की आशंका जताई जा रही है।

खटीमा के जंगल में युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी

खटीमा की सुरई वन क्षेत्र में सुबह वन विभाग की टीम जंगल में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सुरई बीट संख्या-05 के पास कर्मचारियों को खून के धब्बे और एक जोड़ी चप्पल दिखाई दी। मौके से 90 नेपाली रुपये भी बरामद हुए। वन कर्मियों ने जब खून के निशानों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर काले रंग का पायजामा मिला।

शव के आसपास मिले बाघ के पगचिह्न

इसके बाद वन विभाग की टीम ने जंगल में तलाश अभियान तेज किया। इसी दौरान सुरई वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट संख्या-47 में युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव के आसपास बाघ के पगचिह्न भी मिले। प्रारंभिक आशंका है कि बाघ ने युवक पर हमला करने के बाद उसे घसीटकर जंगल के भीतर ले गया होगा। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

अब तक नहीं हो पाई शिनाख्त

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। वहीं, सत्रहमील पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे खटीमा उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस और वन विभाग की टीमें युवक की शिनाख्त करने में जुटी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर वन क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और आम लोगों को जंगल में प्रवेश न करने की चेतावनी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version