Champawat

चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरकर यूपी के युवक की मौत, चार घायल

Published

on

Champawat News : उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चंपावत का है, जहां स्वाला-टनकपुर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा

स्वाला-टनकपुर मार्ग पर कार हादसे की शिकार हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड की ओर आ रहे थे। इसी दौरान स्वाला-टनकपुर मार्ग पर कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क से करीब 20 से 30 मीटर नीचे खाई में गिरकर पेड़ पर अटक गई। हादसे के दौरान एक व्यक्ति वाहन से छिटककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य लोग किसी तरह बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए।

खाई में गिरकर यूपी के युवक की मौत

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट चंपावत से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और मृतक के शव को सड़क तक पहुंचाया। मृतक की पहचान अजीत कुशवाहा पुत्र आनंद कुशवाहा, निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसडीआरएफ ने शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तेज रफ्तार को माना जा रहा है हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क पर मौजूद मोड़ व ढलान को माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले 7 सितंबर को चंपावत के बाराकोट-घाट-पनार मोटर मार्ग पर पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से पांच लोग घायल हो गए थे। इस हादसे में भी एक युवक की जान चली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं पहाड़ी सड़कों पर सफर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version