Politics
धामी सरकार का पांच साल का रिपोर्ट कार्ड पूरी तरह फर्जी, हरक बोले- जनता को गुमराह कर रही सरकार
Uttarakhand Politics : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही धामी सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी कर उपलब्धियां गिनानी शुरू कर दी हैं। लेकिन कांग्रेस ने सरकार के इन दावों पर सीधा हमला बोला है। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने धामी सरकार के रिपोर्ट कार्ड को पूरी तरह फर्जी करार देते हुए आरोप लगाया कि सरकार कागजों पर विकास दिखाकर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही है।
Table of Contents
धामी सरकार का पांच साल का रिपोर्ट कार्ड पूरी तरह फर्जी
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि अगर धामी सरकार ने वास्तव में पांच साल तक विकास किया होता तो आज उसे चुनाव से ठीक पहले अपनी उपलब्धियों का ढोल पीटने और जनता को लुभाने के लिए घोषणाओं का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ती। सरकार का रिपोर्ट कार्ड और धरातल की हकीकत एक-दूसरे के बिल्कुल विपरीत हैं।
उन्होंने राजधानी देहरादून से सटे सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि पांच साल पहले क्षेत्र में जो समस्याएं थीं, वे आज भी जस की तस हैं। सरकार का ‘हर घर नल, हर घर जल’ का नारा खोखला साबित हो रहा है। आज भी ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए टैंकरों के भरोसे रहना पड़ रहा है। राजधानी के आसपास के क्षेत्रों में जनता पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रही है और सरकार पूरे प्रदेश में विकास की झूठी तस्वीर पेश कर रही है। इसके अलावा उन्होंने सरकार को शिक्षा और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर घेरते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल आज केवल रेफर सेंटर बनकर सीमित रह गए हैं।
हरक बोले- जनता को गुमराह कर रही सरकार
डॉ. रावत ने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त है।
पांच साल तक महिलाओं के लिए सरकार ने क्या किया ?
‘बैंणी-भुली योजना’ पर हमला बोलते हुए डॉ. रावत ने कहा कि पांच साल तक महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए सरकार ने क्या किया? आज चुनाव सामने देखकर 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार ने पांच साल तक महिलाओं के हित में काम किया होता तो चुनाव से ठीक पहले इस तरह की नौबत क्यों आती? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर अपने कार्यकाल का हिसाब देने के बजाय आर्थिक प्रलोभनों के सहारे जनता को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
डॉ. हरक सिंह रावत ने दो टूक कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड विकास का दस्तावेज नहीं, बल्कि सरकारी प्रचार का पुलिंदा है। पांच साल की नाकामियों को आंकड़ों की चमक से छिपाया नहीं जा सकता। जनता को भाषण और विज्ञापन नहीं, पानी, रोजगार, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं चाहिए। सरकार को कागजों पर उपलब्धियां गिनाने के बजाय जनता को अपनी जमीनी नाकामियों का जवाब देना चाहिए।