Udham Singh Nagar
रुद्रपुर में RTO के नाम पर फर्जीवाड़े का भंडाफोड़, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
Rudrapur News : उत्तराखंड में आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। रुद्रपुर में एसटीएफ ने ऐसे ही एक फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात ये है कि आरोपी सरकारी दफ्तर के बाहर अपनी निजी गाड़ियों को ही कथित तौर पर अवैध कार्यालय बनाकर चला रहे थे। यहां वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर लोगों से निर्धारित सरकारी फीस से अधिक पैसे वसूले जा रहे थे।
Table of Contents
निजी गाड़ियों में चल रहा था फर्जीवाड़े का नेटवर्क
एसटीएफ कुमाऊं यूनिट को सूचना मिली थी कि आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के आसपास कुछ लोग आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर लोगों से अतिरिक्त रकम वसूल रहे हैं। इसके बाद एसटीएफ ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास छापेमारी की।
पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
मौके पर दो अलग-अलग निजी गाड़ियों में संदिग्ध गतिविधियां मिलीं। तलाशी के दौरान एक वाहन से प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर को पकड़ा गया, जबकि दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया गया।
सरकारी फीस से ज्यादा वसूली, डुप्लीकेट RC-DL भी बनवाए
शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आरटीओ से जुड़े काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। इसके बाद सरकारी शुल्क की सही जानकारी छिपाकर उनसे निर्धारित फीस से ज्यादा रकम वसूलते थे।
आरोपी लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से अपनी गाड़ियों में ही दस्तावेज तैयार कराने का काम कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को दिए गए थे। एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की जांच कर रही है।