Dehradun
देहरादून में पुलिस का अनोखा अंदाज, पहले काटा चालान फिर हेलमेट पहनाकर समझाया सुरक्षा का पाठ
Dehradun News : देहरादून में यातायात नियमों का पालन कराने के लिए दून पुलिस ने अब सख्ती के साथ जागरूकता की पहल भी शुरू की है। दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी यानी पिलियन राइडर के हेलमेट नहीं पहनने पर पुलिस चालान कर रही है। वहीं, लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए हेलमेट भी वितरित किए जा रहे हैं।
Table of Contents
देहरादून में पुलिस का अनोखा अंदाज
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रविवार, 29 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/यातायात के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिन दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठी सवारी ने हेलमेट नहीं पहना था, उनके चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पहले काटा चालान फिर हेलमेट पहनाकर समझाया सुरक्षा का पाठ
अभियान के दौरान पुलिस ने केवल चालान तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि लोगों को हेलमेट की अहमियत भी समझाई। पुलिस अधीक्षक यातायात ने बिना हेलमेट पीछे बैठने वाले यात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और उन्हें हेलमेट वितरित किए। साथ ही, दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के हेलमेट पहनने पर फूल देकर उनका सम्मान किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट जरूर पहने। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन न चलाने, कार में सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की भी हिदायत दी गई।
पांच दिन में 315 चालान
दून पुलिस के अनुसार, पिछले पांच दिनों में पिलियन राइडर के हेलमेट नहीं पहनने पर 315 दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।