Dehradun
भीषण पगडंडी पार कर पहुंचे DM सविन बंसल! बटोली गांव में सीधी राहत, हर परिवार को मिला सहारा
देहरादून/ बटोली (उत्तराखंड): प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे बटोली गांव में प्रशासन ने राहत और भरोसे का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने खुद दुर्गम पहाड़ियों और भीषण पगडंडियों को पार कर आपदाग्रस्त सुदूर गांव बटोली का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्रामवासियों को भरोसा दिलाया कि “प्रशासन हर समय उनके साथ खड़ा है।

रातों-रात सुधारा गया संपर्क मार्ग
लगातार अतिवृष्टि से तबाह हो चुके शेरू खाला मार्ग को प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए रातों-रात दुरुस्त कर दिया। इससे राहत और बचाव टीमों की आवाजाही फिर से सुचारू हो सकी।
तत्काल आर्थिक सहायता
ग्रामीणों की मदद के लिए प्रशासन ने 96 प्रभावित परिवारों को ₹4,000 प्रति माह के हिसाब से ₹3.84 लाख की एडवांस सहायता राशि चेक के रूप में मौके पर वितरित की।
हेलीकॉप्टर सेवा की तैयारी
अगले 15 दिनों में हेलीपैड निर्माण शुरू किया जाएगा ताकि आपात स्थिति में गर्भवती महिलाओं, शिशुओं और बीमार व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। साथ ही गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए गांव में ANM (सहायक नर्सिंग मिडवाइफ) की तैनाती की गई है।
बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता
प्रभावित बच्चों की पढ़ाई न रुके, इसके लिए प्रशासन ने अभिभावकों को स्कूल के पास किराए पर घर लेने की सलाह दी और तीन महीने का भत्ता भी प्रदान किया।
वैकल्पिक सड़क और पुल निर्माण की योजना
कोटी-बटोली रोड और थान गांव तक वैकल्पिक मार्ग का सर्वे शुरू हो चुका है। साथ ही, झूला पुल के लिए प्रस्ताव भेजा गया है और 3.98 लाख की मरम्मत राशि को स्वीकृति दी गई है।
सौर ऊर्जा से रोशनी की उम्मीद
डीएम सविन बंसल ने अपने कोटे से 20 सोलर लाइटें मंजूर करते हुए गांव में त्वरित राहत कार्यों को गति देने का निर्देश भी दिया।