Crime

HALDWANI: जीजा के नाम पर साले ने की 14 लाख की धोखाधड़ी, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज…

Published

on

हल्द्वानी (नैनीताल): हल्द्वानी के कुसुमखेड़ा क्षेत्र में एक व्यक्ति से 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिलीप नामक व्यक्ति ने अपने जीजा के नाम पर एक जमीन दिखाई और उससे बड़ी रकम की ठगी की। जब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की, तो उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर मुखानी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

क्या है मामला?
शहर के टेंट हाउस रोड कुसुमखेड़ा निवासी वशिष्ट भारद्वाज ने बताया कि अप्रैल 2023 में दिलीप नामक व्यक्ति ने ईसाई नगर, लामाचौड़ में उन्हें एक जमीन दिखाई। दिलीप ने बताया कि यह जमीन उसके जीजा की है। जमीन का सौदा तय होने पर वशिष्ट ने मई 2023 में दिलीप के बताए खाते में 8 लाख रुपये ट्रांसफर किए, जबकि 6 लाख रुपये नकद भी दिए। इसके साथ ही जमीन का एग्रीमेंट भी हुआ था। दिलीप ने वादा किया था कि एक महीने के भीतर जमीन के कागजात और रजिस्ट्री कर दी जाएगी, लेकिन एक महीने बाद भी जमीन का नाम पर नहीं किया गया।

जब वशिष्ट ने जमीन के दस्तावेज़ मांगे, तो आरोपी दिलीप ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। जब दबाव डाला गया, तो उसने बताया कि कागजात उसके जीजा के लॉकर में हैं और वह बाहर हैं, जैसे ही वह हल्द्वानी आएंगे, रजिस्ट्री कर दी जाएगी। हालांकि, काफी समय गुजरने के बाद जब वशिष्ट ने दिलीप के जीजा से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस सौदे के बदले एक भी रुपया नहीं मिला है।

आरोप है कि दिलीप ने एक महिला के नाम से फर्जी एग्रीमेंट भी किया, जबकि महिला ने यह दावा किया कि उसने कोई एग्रीमेंट नहीं किया था। जब वशिष्ट ने अपने पैसे वापस मांगे, तो दिलीप ने उसे धमकी दी।

पीड़ित ने इस धोखाधड़ी की शिकायत मुखानी पुलिस को दो बार की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वशिष्ट ने एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर मुखानी पुलिस ने आरोपी दिलीप के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ मुखानी विजय मेहता ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

#Fraud #Haldwani #PoliceComplaint #LandDeal #Investigation

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version