Pauri
पौड़ी में फिर गुलदार की दहशत, जंगल गई महिला नहीं लौटी घर, तलाश में जुटी टीमें
Pauri News : उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अब पौड़ी शहर से सटे दंदल गांव में एक महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला शुक्रवार शाम जंगल में घास लेने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद जंगल में उसकी चुन्नी और दरांती बरामद हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने गुलदार के हमले की आशंका जताई है। घटना के बाद से वन विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें महिला की तलाश में जुटी हैं।
Table of Contents
घास लेने जंगल गई थी 35 वर्षीय महिला
दंदल गांव निवासी 35 वर्षीय रेखा देवी पत्नी दीपक शुक्रवार शाम करीब चार बजे जंगल में घास लेने गई थीं। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में जंगल की ओर निकल पड़े।
जंगल में खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को रेखा देवी की चुन्नी और दरांती मिली। महिला का कोई सुराग नहीं मिलने और जंगल में उनकी ये दोनों चीजें मिलने के बाद ग्रामीणों ने गुलदार के हमले की आशंका जताई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार की सक्रियता देखी गई है, जिससे लोगों में पहले से ही डर बना हुआ है।
वन विभाग, पुलिस और SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में अलग-अलग स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, घना अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में टीमों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी मौके पर बुलाया गया है। टीमों की ओर से महिला की तलाश के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में खोजबीन की जा रही है।
अलग-अलग टीमें बनाकर की जा रही तलाश
पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गई थीं। महिला की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
फिलहाल रेखा देवी का कोई पता नहीं चल पाया है। जंगल में उनकी चुन्नी और दरांती मिलने के बाद गुलदार के हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। महिला की तलाश के लिए अभियान जारी है।