Almora
मोबाइल पर गेम खेल रहा था 5वीं का बच्चा, एक फोन कॉल ने मां के खाते से उड़ाए 2 लाख
Almora News : उत्तराखंड के अल्मोड़ा में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेम खेल रहे पांचवीं कक्षा के एक बच्चे को अपनी बातों में उलझाकर साइबर ठगों ने उसकी मां के बैंक खाते से 2 लाख 6 हजार 389 रुपये निकाल लिए। पीड़ित महिला एनटीडी क्षेत्र की रहने वाली है। शिकायत मिलने के बाद अल्मोड़ा कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Table of Contents
मोबाइल पर गेम खेल रहा था 5वीं का बच्चा
अल्मोड़ा से हैरान कर देने वाला साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जहां ठग ने एक रूपए की मदद का झांसा देकर ठगी को अंजाम दिया। पीड़िता के मुताबिक उनका बेटा रोजाना स्कूल से लौटने के बाद करीब एक घंटे तक मोबाइल पर गेम खेलता है। 15 नवंबर को भी वो उसके मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने बच्चे से बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया।
एक फोन कॉल ने मां के खाते से उड़ाए 2 लाख
आरोपी ने बच्चे को बताया कि उसकी मां का इलाज चल रहा है और इसके लिए उसे एक रुपये की जरूरत है। उसकी बातों में आकर बच्चे ने गूगल पे के जरिए एक रुपया भेज दिया। इसके बाद जालसाज ने बच्चे से मोबाइल पर आया OTP पूछ लिया। अनजान व्यक्ति पर भरोसा करते हुए बच्चे ने OTP बता दिया। इसके कुछ समय बाद ही महिला के बैंक खाते से 2,06,389 रुपये निकाल लिए गए।
22 नवंबर को खाते से पैसे निकलने की लगी भनक
महिला के पति के अनुसार, 22 नवंबर को उन्हें खाते से पैसे निकलने का पता चला। उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते से पत्नी के खाते में रकम ट्रांसफर हो रही थी, जबकि पत्नी के खाते से पैसे निकाले जा रहे थे। शुरुआत में उन्हें लगातार कम हो रही रकम की वजह समझ नहीं आई। बाद में जांच करने पर साइबर ठगी का खुलासा हुआ। जानकारी के मुताबिक, निकाली गई रकम सुनंदा यादव नाम के बैंक खाते में जा रही थी।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा किया दर्ज
ठगी का पता चलते ही पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत दी। अल्मोड़ा सीओ बलवंत सिंह रावत ने बताया कि एनटीडी के बलढौटी निवासी महिला की लिखित शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट और जालसाजी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच में आईटी सेल की मदद भी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा है।