Dehradun
उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों का बढ़ेगा मानदेय !, 6 से 25 हजार करने पर सीएम ने दिया आश्वासन
Dehradun News : उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग में नामित सदस्यों के लिए राहत भरी खबर है। आयोग के सदस्यों का मानदेय जल्द बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल सदस्यों को हर महीने 6 हजार रुपये मानदेय दिया जाता है, जिसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
Table of Contents
उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों का बढ़ेगा मानदेय
27 नवंबर को उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने आयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रमुख रूप से आयोग में नामित सदस्यों के मानदेय में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया गया।
25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की व्यवस्था की मांग
बलजीत सोनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग में नामित सदस्यों को वर्तमान में महज 6 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो उनके कार्यों और जिम्मेदारियों को देखते हुए काफी कम है। जबकि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग और उत्तराखंड के अन्य आयोगों में नामित सदस्यों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की व्यवस्था है।
उन्होंने कहा कि आयोग के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करने के साथ जनसुनवाई, बैठकों और निरीक्षण के जरिए अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मामलों के निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक हितों के संरक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए भी काम करते हैं।

6 से 25 हजार करने पर सीएम ने दिया आश्वासन
मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आयोग की ओर से पहले भी शासन स्तर पर पत्राचार किया जाता रहा है। इसी क्रम में बलजीत सोनी ने 16 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सदस्यों का मानदेय 6 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने का अनुरोध किया था।
अब मुख्यमंत्री धामी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उचित निर्णय लेने का भरोसा दिया है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग में नामित सदस्यों को हर महीने मिलने वाले मानदेय में चार गुना से अधिक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में अंतिम फैसला होना बाकी है।