Haridwar

उत्तराखंड: खड़े कंटेनर में धमाके के बाद लगी भीषण आग

Published

on

हरिद्वार: श्यामपुर-नजीबाबाद हाईवे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कांगड़ी क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। कंटेनर के भीतर तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते वह धधक उठा। गनीमत रही कि चालक और परिचालक समय रहते बाहर कूद गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के मुताबिक कंटेनर चालक ने वाहन को किसी काम के चलते कुछ देर के लिए सड़क किनारे खड़ा किया था। उसी दौरान कंटेनर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तार से निकली चिंगारियों ने तुरंत आग पकड़ ली और पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेज थी कि आस-पास मौजूद लोग मदद करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। मौके पर तुरंत श्यामपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर में रखा पुराना फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

श्यामपुर थाना प्रभारी एसओ मनोज शर्मा ने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आग के कारण भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि हाईटेंशन लाइन को लेकर सुरक्षा इंतज़ाम और सख्त किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version