Chamoli

चमोली: गुलदार ने शौच को जा रही महिला पर किया हमला, हालत गंभीर…

Published

on

चमोली (उत्तराखंड): जिले के दशोली ब्लॉक के नैल-कुड़ाव गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब शौच के लिए जा रही एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब जाकर गुलदार भागा। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह लगभग 5:30 बजे की है। हीरा देवी (42) पत्नी रघुवीर सिंह रावत शौचालय की ओर जा रही थीं, तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में हीरा देवी के गले पर गंभीर चोटें आई हैं और वहां गुलदार के पंजों के गहरे निशान पाए गए हैं। डॉक्टरी इलाज के अनुसार, गले में पांच टांके लगाए गए हैं।

हीरा देवी की चीखें सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिससे घबराकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही वन सरपंच वीरेंद्र असवाल ने तुरंत वन विभाग को जानकारी दी। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

ग्रामीणों में घटना के बाद भारी दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि क्षेत्र में दो गुलदार सक्रिय हैं और पहले भी जानवरों पर हमला कर चुके हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदारों की धरपकड़ और गांव की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

#Leopardattack #Womaninjured #Chamoliincident #Wildanimalthreat #Forestdepartmentaction

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version