Politics
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा की जनपद स्तरीय बैठक, विकास कार्यों पर दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश !

रुद्रप्रयाग: बुधवार को जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने जिले के विभिन्न विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की और चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित धनराशि को समय पर खर्च करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण कुछ समय के लिए विकास कार्यों में रुकावट आई थी। हालांकि अब इन कार्यों को तीव्र गति से पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ परियोजनाओं में अभी स्थिरता बनी हुई है, जिसे जल्द दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सौरभ बहुगुणा ने केंद्र पोषित और राज्य पोषित योजनाओं का लाभ जनता तक पूरी तरह पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने इन योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी का उल्लेख किया। साथ ही निर्माण कार्यों और योजनाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी से काम करें ताकि आम जनता को इन योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और निगरानी की बात भी कही, ताकि कार्यों की गति और गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा सके।
रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चैधरी ने बैठक के बाद बताया कि अधिकतर विभागों की प्रगति संतोषजनक पाई गई है, हालांकि जिन विभागों की गति धीमी है, उन्हें विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने केदारनाथ यात्रा को लेकर जल्द तैयारियां शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था, शौचालय निर्माण और सफाई की आवश्यकता पर बल दिया।
इस बैठक में जिलाधिकारी सौरभ गहरवार, प्रभागीय वनाधिकारी कल्याणी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, उप जिलाधिकारी आशीष चंद्र घिल्डियाल, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र कुमार बिष्ट, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, पर्यटन अधिकारी राहुल चैबे, युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
Uttarakhand
हरीश रावत की सक्रियता से कांग्रेस में हलचल, प्रदेश प्रभारी सैलजा ने चिट्ठी लिखकर जताई आपत्ति

Uttarakhand Politics : उत्तराखंड कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सक्रिय राजनीति में वापसी के बाद पार्टी के भीतर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्वास्थ्य लाभ के बाद प्रदेश लौटे रावत लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रम कर रहे हैं। उनके रोड शो और विधानसभा क्षेत्रों के दौरों के बीच कांग्रेस संगठन की अपनी चुनावी गतिविधियां भी जारी हैं।
Table of Contents
हरीश रावत की सक्रियता से कांग्रेस में हलचल
हरीश रावत की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए अब कांग्रेस के भीतर यह सवाल उठ रहा है कि क्या वह संगठन की तय गतिविधियों से अलग अपनी राजनीतिक लाइन तैयार कर रहे हैं। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि ऐसे मामलों पर पार्टी फोरम में चर्चा की जाएगी और आपसी विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने हरीश रावत को पार्टी का वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि उनसे हाल में कई मुद्दों पर बातचीत हुई है।
प्रदेश प्रभारी सैलजा ने चिट्ठी लिखकर जताई आपत्ति
हरीश रावत की प्रस्तावित यात्रा और कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने उन्हें पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर उनसे या प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष से चर्चा नहीं की गई। सैलजा ने चुनावी समय का हवाला देते हुए पार्टी में एकजुटता बनाए रखने की जरूरत बताई और समानांतर कार्यक्रमों को आगे नहीं बढ़ाने का अनुरोध किया।

सैलजा की इस चिट्ठी के बाद रावत की सक्रियता को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही चर्चा और तेज हो गई है। खास तौर पर इसलिए क्योंकि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है और संगठन की ओर से भी लगातार कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
2027 चुनाव से पहले बढ़ी सक्रियता
हरीश रावत पहले ही कह चुके हैं कि वो आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके बावजूद चुनावी राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर चर्चाएं बनी हुई हैं। प्रदेश लौटने के बाद उनके लगातार कार्यक्रमों ने इन चर्चाओं को और हवा दी है।
अब कांग्रेस के सामने एक ओर संगठन की चुनावी रणनीति है, तो दूसरी ओर हरीश रावत की व्यक्तिगत राजनीतिक सक्रियता। आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दोनों के बीच बेहतर समन्वय बनता है या रावत की गतिविधियां पार्टी के भीतर अलग राजनीतिक धुरी की चर्चा को और मजबूत करती हैं।
Uttarakhand
उत्तराखंड बीजेपी में बढ़ेगी हलचल, राम माधव समेत तीनों प्रभारी आएंगे दो दिन के दौरे पर

Uttarakhand Politics : उत्तराखंड बीजेपी में आने वाले दिनों में संगठन स्तर पर गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव के साथ सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन 2 और 3 अक्टूबर को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद तीनों नेताओं का ये पहला उत्तराखंड दौरा होगा।
Table of Contents
राम माधव समेत तीनों प्रभारी आएंगे दो दिन के दौरे पर
दौरे के दौरान प्रदेश प्रभारी और दोनों सह प्रभारी पार्टी के प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में संगठन की मौजूदा गतिविधियों, प्रचार-प्रसार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी।
उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, राम माधव की पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक निर्धारित है। दौरे के पहले दिन संगठन की वर्तमान गतिविधियों और आने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से बातचीत होगी।
पांच प्रकोष्ठों के साथ भी चर्चा
दौरे का दूसरा दिन संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा। इस दौरान बीजेपी के पांच प्रकोष्ठों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष और जिला संयोजक भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
बैठक में पार्टी के प्रचार-प्रसार को लेकर विशेष रूप से चर्चा होगी। प्रदेश स्तर पर तैयार किए जाने वाले कार्यक्रमों को जिला और मंडल स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के तौर-तरीकों पर बातचीत की जाएगी। साथ ही जिलों में चल रही प्रचार गतिविधियों की जानकारी भी ली जाएगी।

पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर लिया जाएगा फीडबैक
जिलाध्यक्षों और जिला संयोजकों से स्थानीय स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर फीडबैक लिया जाएगा। नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों के लिए यह दौरा उत्तराखंड में संगठन की कार्यप्रणाली और जमीनी गतिविधियों को समझने का पहला अवसर भी होगा।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अहम दौरा
उत्तराखंड में 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों का यह पहला दौरा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिनों की बैठकों में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और प्रचार व्यवस्था को लेकर होने वाली चर्चा पर पार्टी के भीतर नजर रहेगी।
Uttarakhand
BJP संगठन में बड़ा अपडेट, इन नेताओं को मिली सह-संयोजक की जिम्मेदारी, देंखे लिस्ट

Uttarakhand Politics : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद पार्टी के विभिन्न प्रदेश प्रकोष्ठों में संगठनात्मक विस्तार किया गया है। इसके तहत कई प्रकोष्ठों में नए सहसंयोजकों की जिम्मेदारी तय की गई है। नियुक्तियों से संबंधित आदेश प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी की ओर से जारी किया गया है।
Table of Contents
उत्तराखंड BJP में हुआ प्रदेश प्रकोष्ठों की टोली का विस्तार
नई जिम्मेदारियों के तहत सांस्कृतिक प्रकोष्ठ में देहरादून महानगर से साधना शर्मा को सहसंयोजक बनाया गया है। शिक्षक प्रकोष्ठ में पौड़ी से अनु पंत और प्रबुद्ध प्रकोष्ठ में पौड़ी से अविनाश पोखरियाल को जिम्मेदारी मिली है।
महिला स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ में अल्मोड़ा से मोहिनी कनवाल और नैनीताल से पलक ठाकुर को सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं, लघु उद्योग प्रकोष्ठ में देहरादून महानगर से अजीत नेगी को यह दायित्व सौंपा गया है।
इन नेताओं को मिली सह-संयोजक की जिम्मेदारी
खेलकूद प्रकोष्ठ में पिथौरागढ़ से विपिन उपाध्याय और ऊधमसिंह नगर से गोविंद सिंह बिष्ट को सहसंयोजक बनाया गया है। चिकित्सा प्रकोष्ठ में उत्तरकाशी से डॉ. विजय बडोनी को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ में देहरादून ग्रामीण से ललित सिंह राणा और नैनीताल से धर्मेन्द्र शर्मा को सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ में चमोली से सोहन लाल खंडूरी, आर्थिक प्रकोष्ठ में देहरादून महानगर से महेश गुप्ता और दिव्यांग प्रकोष्ठ में पौड़ी से अपूर्व कुमार नौटियाल को नई जिम्मेदारी मिली है।
| प्रकोष्ठ | जिला/क्षेत्र | सह-संयोजक |
|---|---|---|
| सांस्कृतिक प्रकोष्ठ | देहरादून महानगर | साधना शर्मा |
| शिक्षक प्रकोष्ठ | पौड़ी | अनु पंत |
| प्रबुद्ध प्रकोष्ठ | पौड़ी | अविनाश पोखरियाल |
| महिला स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ | अल्मोड़ा | मोहिनी कनवाल |
| महिला स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ | नैनीताल | पलक ठाकुर |
| लघु उद्योग प्रकोष्ठ | देहरादून महानगर | अजीत नेगी |
| खेलकूद प्रकोष्ठ | पिथौरागढ़ | विपिन उपाध्याय |
| खेलकूद प्रकोष्ठ | ऊधमसिंह नगर | गोविंद सिंह बिष्ट |
| चिकित्सा प्रकोष्ठ | उत्तरकाशी | डॉ. विजय बडोनी |
| सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ | देहरादून ग्रामीण | ललित सिंह राणा |
| सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ | नैनीताल | धर्मेन्द्र शर्मा |
| पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ | चमोली | सोहन लाल खंडूरी |
| आर्थिक प्रकोष्ठ | देहरादून महानगर | महेश गुप्ता |
| दिव्यांग प्रकोष्ठ | पौड़ी | अपूर्व कुमार नौटियाल |
Ramnagar20 hours agoरामनगर में बस-बाइक की टक्कर, दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत
Pauri20 hours agoश्रीनगर गढ़वाल में गुलदार का हमला, जंगल में घास काट रही महिला की मौत
Rudraprayag19 hours agoKedarnath Yatra: चीड़बासा में मलबा गिरने से पैदल मार्ग बंद, गौरीकुंड में रोके गए यात्री
Nainital18 hours agoकैंची धाम जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, वीकेंड पर इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
Haridwar15 hours agoहरिद्वार में रिश्वत लेते महिला ASI गिरफ्तार, टीम ने 10 हजार लेते हुए पकड़ा
Chamoli14 hours agoहेमकुंड साहिब में बर्फबारी के बीच अंतिम अरदास, शीतकाल के लिए बंद हुए कपाट







































