Breakingnews
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही उनकी ऑनलाईन मार्केटिंग की व्यवस्था की जाए: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में ग्राम्य विकास विभाग की बैठक लेते हुए कहा कि जंगली जानवरों से खेती एवं बागवानी की सुरक्षा के लिए राज्य के पर्वतीय जनपदों में फेंसिंग की व्यवस्था के लिए 130 करोड़ रूपये की धनराशि की व्यवस्था की जायेगी। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के विस्तारीकरण के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना होगी शुरू।

प्रधानमंत्री वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम की भांति राज्य में मुख्यमंत्री सीमान्त क्षेत्र विकास योजना के तहत नेपाल बॉर्डर के कुछ गांवों को चिन्हित कर विकसित किया जायेगा। पीएम वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत राज्य के चीन की सीमा से लगे चार ग्राम नीति, माणा, मलारी एवं गूंजी चिन्हित हुए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आजीविका दर्पण त्रैमासिक पत्रिका का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि अमृत सरोवर योजना के तहत अब 1200 और अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य मिला है, इनसे लोगों की आजीविका को कैसे बढ़ाया जा सकता है, इस पर भी ध्यान दिया जाए। इनको मत्स्य पालन से भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पशुबाड़ के तहत लाभार्थियों को जो 48 हजार रूपये की धनराशि दी जा रही है, उसे बढ़ाने के लिए जल्द प्रस्ताव लाया जाए। कृषि, बागवानी एवं पशुपालन को राज्य में और तेजी से बढ़ावा दिया जाए। सेब एवं कीवी पर मिशन मोड में कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री प्रत्येक 15 दिन में इसकी स्वयं समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बागवानी को बढ़ावा देकर लोगों की आर्थिकी में तेजी से बढ़ाने के प्रयास किये जाए। राज्य के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही उनकी उचित ऑनलाईन मार्केटिंग की व्यवस्था के भी निर्देश उन्होंने दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष आवास निर्माण कार्यों में तेजी से कार्य हो यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। राज्य सरकार के लक्ष्य के अनुसार वर्ष 2025 तक समूहों की 1.25 लाख महिला सदस्यों को लखपति दीदी बनाने के लिए सुनियोजित तरीके से कार्य करने पर भी उन्होंने बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों एवं कार्यदाई संस्थाओं द्वारा जो भवन बनाये जा रहे हैं, उनको पर्वतीय शैली में बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अभी तक जिनका मुआवजा भुगतान नहीं हुआ है, वह शीघ्र किया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि केंद्र पोषित योजनाओं में मनरेगा के तहत अमृत सरोवर योजना, आधार सीडिंग में उत्तराखण्ड राष्ट्रीय स्तर पर पहले एवं ससमय भुगतान में तृतीय स्थान पर है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत उत्तराखण्ड बजट आवंटन/स्वीकृति, रिवाल्विंग फंड तथा सामुदायिक निवेश निधि ( RF & CIF ) में प्रथम स्थान एवं लखपति दीदी सर्वे में द्वितीय स्थान पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत भी उत्तराखण्ड देश में पांचवे स्थान पर है।
बैठक में जानकारी दी गई कि विगत पांच वर्षों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत राज्य में 5838 करोड़ की लगात से 11621 किमी. मार्गो का निर्माण किया गया एवं 875 बसावटें संयोजित की गई। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना से 2017 तक राज्य में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3994 करोड़ रूपये की लागत से 10243 किमी के कुल 1310 कार्य स्वीकृत हुए एवं 955 बसावटें संयोजित की गई। जबकि 2017 से अब तक राज्य में 6375 करोड़ रूपये की लागत से 10034 किमी के कुल 1468 कार्य स्वीकृत हुए हैं एवं 875 बसावटें संयोजित की गई हैं। विगत 05 वर्षों में राज्य में मनरेगा के तहत प्रतिवर्ष 5.5 लाख परिवारों को रोजगार से जोड़ा गया। 56 प्रतिशत रोजगार महिलाओं को दिया गया। आजीविका पैकेज के अन्तर्गत 13500 परिवारों को आजीविका संसाधनों से जोड़ा गया। दीनदयाल अन्त्योदय योजना- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विगत 5 वर्षों में 3.49 लाख परिवारों के 52613 समूहों में संगठित किया गया। 38882 समूहों को रिवाल्विंग फण्ड, 23952 समूहों को सी.आई.एफ की धनराशि वितरित की गई। 29289 समूह सदस्यों को लखपति दीदी के रूप में तैयार किया गया।
Breakingnews
जौलजीबी मेले में हंगामा मामला, कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज

Pithoragarh News : भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। विधायक और उनके समर्थकों पर मेले के मंच पर तोड़फोड़, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप हैं।
Table of Contents
कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज
14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों को संबोधित किया और वहां से रवाना हो गए। इस दौरान धारचूला से कांग्रेस विधायक और मेला समिति के अध्यक्ष हरीश धामी को मंच से अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला। इससे नाराज होकर उन्होंने आपत्ति जताई।
जौलजीबी मेले में हंगामे का वीडिया हुआ था वायरल
आरोप है कि इसके बाद विधायक हरीश धामी अपने समर्थकों के साथ मंच पर पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस को दी गई तहरीर में मंच पर तोड़फोड़, अभद्र भाषा के इस्तेमाल और पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालने की बात भी कही गई है

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जौलजीबी कोतवाली में किया प्रदर्शन
वहीं, घटना के विरोध में देर शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने जौलजीबी कोतवाली में प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। उन्होंने विधायक हरीश सिंह धामी समेत उनके समर्थकों राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
Breakingnews
पौड़ी में भालू के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, स्थानीय लोगों में आक्रोश

Pauri News : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। कहीं गुलदार की दहशत है तो कहीं हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण परेशान हैं। इस बीच भालू के हमलों ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला पौड़ी जिले के दुगड्डा ब्लॉक के चरेख गांव का है, जहां भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की मौत हो गई।
Table of Contents
पौड़ी में भालू के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत
पौड़ी गढ़वाल के चरेख गांव निवासी अंजना देवी पत्नी बनवीर सिंह बीते रोज गांव के नजदीक जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य महिलाएं मौके पर पहुंचीं और पत्थर फेंककर भालू को भगाने का प्रयास किया। महिलाओं के विरोध के बाद भालू जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक अंजना देवी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं।
अस्पताल ले जाते वक्त महिला ने तोड़ा दम
घायल महिला को उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पूर्व ग्राम प्रधान नंदन सिंह रावत ने महिला की मौत की पुष्टि की है। बताया गया कि अंजना देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों में भालू की दहशत बनी हुई है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालुओं की बढ़ती सक्रियता पर रोक लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
गौरतलब है कि ठंड की शुरुआत के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं। भालुओं के हमलों ने ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच जंगलों में घास और लकड़ी लेने जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
Breakingnews
देहरादून में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, स्पा सेंटर की आड़ में चला रहे थे देह व्यापार

Dehradun News : देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का मामला सामने आया है। रायपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा रोड स्थित सनराइज स्पा सेंटर पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस गतिविधि का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर संचालिका को गिरफ्तार किया है।
Table of Contents
देहरादून में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्कूल के पास संचालित सनराइज स्पा सेंटर में स्पेशल सर्विस के नाम पर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और AHTU की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर में अचानक छापेमारी की।
स्पा सेंटर की आड़ में चला रहे थे देह व्यापार
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के एक कमरे में एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री के साथ 3,740 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में स्पा संचालिका द्वारा ग्राहकों को स्पेशल सर्विस देने के नाम पर देह व्यापार संचालित किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालिका को किया गिरफ्तार
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालिका को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ रायपुर थाने में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और इनमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Breakingnews24 hours agoलूट मामले में बडोनी की गिरफ्तारी पर भड़का बजरंग दल, SSP ऑफिस में जमकर नारेबाजी
Breakingnews6 hours agoप्रेमनगर में गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली
Breakingnews4 hours agoदेहरादून में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, स्पा सेंटर की आड़ में चला रहे थे देह व्यापार
Breakingnews5 hours agoपहाड़ों में बारिश-बर्फबारी की संभावना, जानें अगले पांच दिन कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?
Breakingnews4 hours agoपौड़ी में भालू के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, स्थानीय लोगों में आक्रोश
Breakingnews7 minutes agoजौलजीबी मेले में हंगामा मामला, कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज






































