Uttarakhand
सड़क पर स्टंट करना युवक को पड़ा महंगा, पुलिस ने थार समेत गिरफ्तार किया
Haldwani: नैनीताल-हल्द्वानी रोड पर थार वाहन से खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को थार सहित हिरासत में लिया है। इसके साथ ही कार को सीज करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस कैंसिल करने की कार्रवाई भी की जा रही है। एसएसपी का कहना है कि सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
haldwani: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खतरनाक वीडियो
दरअसल, शनिवार रात हल्द्वानी के शहीद पार्क के पास एक युवक थार वाहन से सड़क पर जानलेवा स्टंट करता दिखाई दिया। इस दौरान, तेज आवाज में घूमते टायर और अनियंत्रित ड्राइविंग से आसपास के लोग दहशत में आ गए। राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से पुलिस तक पहुंच गया।
Nainital SSP के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
जैसे ही वायरल वीडियो Nainital SSP मंजूनाथ टीसी के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत Haldwani कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के बाद देर रात पुलिस टीम ने आरोपी स्टंटबाज को थार वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ब्रह्मजोत सिंह, निवासी उदयपुर दौलतपुर, हल्द्वानी बताया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कानून तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी कोई राहत
Nainital SSP मंजूनाथ टीसी ने साफ़ शब्दों में कहा कि स्टंटबाजी, अराजकता और गुंडागर्दी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक मार्गों पर आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं, क्योंकि कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।
Rudraprayag
तुंगनाथ ट्रेक पर खौफनाक हादसा, खाई में गिरने से महिला श्रद्धालु की मौत

Rudraprayag News : रुद्रप्रयाग में तुंगनाथ यात्रा के दौरान रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गणेश मंदिर के पास ट्रेक रूट पर एक महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और महिला की तलाश शुरू की।
Table of Contents
तुंगनाथ ट्रेक पर खाई में गिरने से महिला श्रद्धालु की मौत
रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गणेश मंदिर के पास एक महिला यात्री अचानक संतुलन खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और महिला की तलाश शुरू कर दी।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुट गईं। खाई काफी गहरी होने के कारण महिला तक पहुंचना टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। रेस्क्यू टीमों ने मुश्किल परिस्थितियों के बीच अभियान चलाकर महिला का शव बरामद कर लिया।
शाम करीब 6:21 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के समीप महिला यात्री अचानक अपना संतुलन खो बैठी और खाई में गिर गई। हादसे के बाद काफी देर तक महिला की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई।

सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने डीडीआरएफ और तुंगनाथ में तैनात आपदा मित्रों की टीम को जानकारी दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला को खोजने का अभियान शुरू किया।
अंधेरा और गहरी खाई बनी चुनौती
घटनास्थल पर खाई बेहद गहरी होने के साथ रात में अंधेरा भी काफी अधिक था। ऐसे में रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रात में भी प्रयास किए गए। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी घटना की जानकारी दी गई।
अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू टीमों ने रात में महिला की तलाश जारी रखी, लेकिन अंधेरे और खाई की गहराई को देखते हुए अभियान को आगे बढ़ाना जोखिमपूर्ण हो गया। इसके बाद सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान महिला का शव बरामद कर लिया गया।
uttarakhand weather
उत्तराखंड में मौसम का नया अपडेट, मैदानों में चढ़ेगा पारा, पहाड़ों पर इन जिलों में बरसेंगे बादल

Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में फिलहाल मौसम का रुख शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिनभर तेज धूप निकल रही है, जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के समय लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बौछारों का दौर देखने को मिल रहा है।
Table of Contents
उत्तराखंड में मौसम का नया अपडेट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि अन्य इलाकों में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है।
आज चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बौछार पड़ने की भी संभावना जताई गई है।
वहीं, प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में मैदानी क्षेत्रों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी का असर महसूस हो सकता है।

मानसून की वापसी का दौर जारी
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला समेत पश्चिमी हिस्सों से होकर गुजर रही है। अगले दो से तीन दिनों में राजस्थान के कुछ और इलाकों के साथ पंजाब तथा सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
दक्षिण हिमाचल प्रदेश से लेकर पूर्व-मध्य और उससे सटे उत्तर-पूर्वी अरब सागर में बने चक्रवाती परिसंचरण तक एक द्रोणिका सक्रिय है। यह द्रोणिका हरियाणा, राजस्थान और गुजरात के ऊपर से होकर गुजर रही है। मौसम की इन मौसमी गतिविधियों का असर आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है।
Pithoragarh
बेटे को आया हार्ट अटैक, मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी मां, नदी में कूदकर दे दी जान

Pithoragarh News : पिथौरागढ़ जिले के वड्डा क्षेत्र में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 14 वर्षीय किशोर की अचानक मौत के बाद उसकी मां ने भी सरयू नदी में छलांग लगा दी। हादसे में मां और बेटे दोनों की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Table of Contents
दौड़ते वक्त 14 साल के जतिन को आया हर्ट अटैक
पिथौरागढ़ के मड़ेगांव निवासी 14 वर्षीय जतिन जोशी कक्षा नौ में पढ़ता था। वह सेना में भर्ती होने का सपना देखता था और इसके लिए नियमित रूप से झौलाखेत मैदान में दौड़ लगाने जाता था। शनिवार सुबह भी वह रोज की तरह दौड़ने के लिए मैदान पहुंचा था।
बताया गया कि दौड़ने के बाद वापस लौटते समय रास्ते में जतिन के सीने में अचानक तेज दर्द हुआ और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही उसकी मां पूनम जोशी मौके पर पहुंचीं और बेटे को लेकर जिला अस्पताल गईं। अस्पताल में चिकित्सकों ने जतिन को मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी मां
बेटे की मौत की खबर से मां पूनम सदमे में चली गईं। बताया गया कि बेटे के शव को अस्पताल में छोड़ने के बाद वह टैक्सी स्टैंड पहुंचीं और गंगोलीहाट जाने के लिए एक टैक्सी में बैठ गईं। घाट के पास पहुंचने पर पूनम ने चालक से कुछ सामान खरीदने की बात कहते हुए वाहन रुकवाया। इसके बाद वो टैक्सी से उतरीं और सरयू नदी में छलांग लगा दी।
नदी में कूदकर मां ने दे दी जान
घटना के दौरान पास के एक होटल संचालक की नजर उन पर पड़ी। उसने महिला को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाकर प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद पूनम का शव नदी किनारे बोल्डरों के बीच पानी में मिला। एक ही परिवार में मां और बेटे की मौत की इस घटना से इलाके के लोग स्तब्ध हैं।












































