Dehradun
श्रमिकों का रेस्क्यू करने के बाद आज सीएम अवास पर मनाया ईगास पर्व का जश्न, श्रमिकों के परिजनों ने किया धामी का आभार व्यक्त।

देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बुधवार को देर सांय तक सिल्क्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सकुशल बाहर आने की खुशी में हर्ष पर्व के रूप में इगास मनायी गयी। इस अवसर पर श्रमिकों के परिजन भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सभी परिजनों का माल्यार्पण करनें के साथ ही शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक दलों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में राज्य की लोक संस्कृति से श्रमिकों के परिजन भी रूबरू हुये तथा सांस्कृतिक नृत्य में परिजनों ने भागीदारी कर हर्षोल्लास के साथ दीवाली मनायी तथा अपने परिजनों के सकुशल टनल से बाहर आने पर खुशी जतायी। उन्होंने इसके लिये मुख्यमंत्री का विशेषरूप से आभार जताया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रमिकों के परिजनों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के परिजनों को सम्मानित करते हुए उनके धैर्य और श्रमिकों के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे लिए आज इगास का पर्व है, क्योंकि हमारे श्रमिक भाई सकुशल बाहर आ गए हैं और स्वस्थ हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भेलू खेलकर तथा लोक नृत्य कर इगास पर्व मनाते हुए सभी प्रदेशवासियों को पुनः इगास पर्व की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बचाव दल की तत्परता, टेक्नोलॉजी के सहयोग तथा सुरंग के अंदर फंसे श्रमिक बंधुओं की जीवटता के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं बौखनाग देवता की कृपा से यह अभियान सफल हुआ और हमारे श्रमिक भाई सकुशल हमारे बीच आये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिये यह अवसर बड़ी खुशी का रहा है। जितनी प्रसन्नता श्रमिक बंधुओं और उनके परिजनों को है, उतनी ही प्रसन्नता उन्हें भी हुई है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान से जुड़े एक-एक सदस्य का वे हृदय से आभार प्रकट करते है। जिन्होंने देवदूत बनकर इस अभियान को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि सही मायनों में हमें अब ईगास पर्व की खुशी मिली है। उन्होंने कहा कि भगवान बौख नाग देवता की कृपा भी इसमें सहयोगी बनी।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के साहस, मनोबल और परिजनों के धैर्य के साथ ही रेसक्यू अभियान में शामिल सभी एजेंसियों व कार्मिकों की अनथक मेहनत को इस अभियान की सफलता का आधार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरंग में फंसे श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने के अभियान पर निरंतर नजर रखे हुए थे और वह श्रमिकों की कुशलता को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में श्रमिकों के अनमोल जीवन को बचाने की सरकार की वचनवद्धता और परिजनों के साथ ही जनता द्वारा जताए गए अटूट विश्वास ने इस बेहद जटिल , चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरे बचाव अभियान को कामयाब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरंग हादसे के चलते हम सब इस बार दीपावली नही मना पाए थे, अब सभी श्रमिको को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिए जाने के बाद आज दिवाली का जश्न मनाया गया है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास,गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, सचिव मीनाक्षी सुंदरम, एडीजीपी अमित सिन्हा, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Dehradun
दोस्तों ने दिवाली पार्टी पर घर बुलाया, सुबह मोर्चरी में मिला 15 वर्षीय अर्श का शव

Dehradun News : दिवाली का त्योहार मनाने के लिए दोस्तों के साथ घर से निकला 15 वर्षीय अर्श अंसारी कभी वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव मोर्चरी में मिला। अब अर्श के पिता नदीम अंसारी ने बेटे की मौत को लेकर उसके दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, 8 नवंबर को अर्श के दोस्त श्रेयस ममगाईं ने उसे दिवाली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। श्रेयस और उसके माता-पिता ने भरोसा दिया था कि त्योहार मनाने के बाद अर्श को रात में ही घर छोड़ दिया जाएगा। देर रात तक जब बेटा घर नहीं पहुंचा तो पिता ने फोन किया। उन्हें बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा।
नदीम अंसारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय अर्श दोस्तों के साथ था और बातचीत के दौरान उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन अगली सुबह श्रेयस की मां ने फोन कर अर्श के मोर्चरी में होने की जानकारी दी।
परिवार जब मोर्चरी पहुंचा तो अर्श के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले। पिता ने शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
परिवार के मुताबिक, घटना की जानकारी सुबह करीब छह बजे मिली। पिता का कहना है कि घटना में शामिल लड़कों की उम्र 16 से 17 साल के बीच है, लेकिन वह चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और बेटे को न्याय मिले।
Dehradun
PM मोदी को CM धामी की चिट्ठी, बताया कैसे बदल रहा है उत्तराखंड

Uttarakhand News : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों का जिक्र किया है। उन्होंने इन प्रयासों में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, उद्योग और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रहा है। राज्य में विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही रोजगार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए भी नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नए उत्तराखंड में समाज के प्रत्येक वर्ग की खुशहाली और प्रगति को केंद्र में रखकर काम किया जा रहा है।
Dehradun
देहरादून में 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं से सनसनी, कहीं नशा तो कहीं संपत्ति विवाद बना वजह

Dehradun News : राजधानी देहरादून में पिछले 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में कहीं मामूली विवाद ने एक किशोर की जान ले ली, तो कहीं संपत्ति विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। वहीं, नशे की लत में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।
Table of Contents
पहली घटना: मामूली विवाद में किशोर की मौत
देहरादून के सुरी चौक पर लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अर्श के दोस्त ही उसे अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे और फिर वहां से फरार हो गए। परिजनों ने उसके दोस्तों पर संदेह जताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
दूसरी घटना: संपत्ति विवाद में युवक की हत्या
दूसरी वारदात रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में सामने आई, जहां संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में गौरव नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तीसरी घटना: नशे के लिए रुपये नहीं मिले तो पिता की हत्या
तीसरी और सबसे रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे नितिन अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इनकार करने पर वह दरांती लेकर भांजे पर हमला करने दौड़ा। ऋषभ किसी तरह वहां से भाग निकला। इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को रोकने और समझाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से गुस्साए नितिन ने उन पर चाकू से वार कर दिया।
सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
लगातार सामने आई इन तीन हत्याओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 24 घंटे के भीतर तीन परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं की जांच में क्या खुलासे करती है।







































