Nainital
10 दिनों से लापता रेंजर हरीश चंद्र पांडे, पुलिस कर रही तलाश नही मिल रहा कोई सुराग।

नैनीताल – लापता रेंजर हरीश चंद्र पांडे की तलाश में मुखानी पुलिस भीमताल पहुंच चुकी है। रेंजर की आखिरी लोकेशन भीमताल बाजार में मिली है। पुलिस ने भीमताल होटल एसोसिएशन, पुलिस, वनकर्मियों समेत अन्य को सजग किया है।

तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर में तैनात ऊंचापुल निवासी भाखड़ा रेंज के रेंजर हरीश चंद्र पांडे दस दिन से लापता हैं। एसओ मुखानी प्रमोद पाठक ने बताया कि रेंजर कालू साई मंदिर से भोटिया पड़ाव पहुंचे। वहां से टैक्सी से भीमताल गए। भीमताल बाजार और थाने के सामने लगे सीसीटीवी में उनकी तस्वीर कैद हुई है। वहीं भाखड़ा रेंज में पेड़ कटने का मामला सामने आने के बाद से रेंजर के तनाव में रहने की बात सामने आ रही है। इस संबंध में मुखानी पुलिस ने वन क्षेत्राधिकारी समेत स्टाफ कर्मियों से पूछताछ की है।
29 नवंबर की शाम से लापता है रेंजर
बता दें कि, ऊंचापुल निवासी रेंजर हरीश चंद्र पांडे उम्र 55 साल अपने घर से 29 नवंबर की शाम लापता हो गए थे। काफी ढूंढने के बाद भी उनका कुछ भी पता नहीं चल पाया है। परिजन उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से भी खोजने की कोशिश कर रहे हैं।
big news
नैनीताल के ज्योलीकोट में दूषित पानी से 2 की मौत, 200 से भी ज्यादा लोग हुए बीमार

Nainital News : पानी जिसके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। लेकिन नैनीताल के ज्योलीकोट में यही पानी जिंदगी बचाने के बजाय जिंदगी छीन रहा है। जिस पानी को लोग भरोसे के साथ पी रहे थे, वही पानी बीमारी का ऐसा जहर बन गया कि दो जिंदगियां चली गईं और सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंच गए।
Table of Contents
नैनीताल के ज्योलीकोट में दूषित पानी से 2 की मौत
नैनीताल के ज्योलीकोट में दूषित पेयजल का मामला अब गंभीर स्वास्थ्य संकट बन चुका है। पांच गांवों के करीब 200 लोग पीलिया, बुखार और उल्टी-दस्त की चपेट में हैं। 60 से ज्यादा मरीज नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली और दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती हैं। दो लोगों की मौत भी हो चुकी है।
200 से भी ज्यादा लोग हुए बीमार
ग्रामीणों का आरोप है कि 20 जून से ही पानी में झाग, बदबू और लोगों के बीमार पड़ने की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन करीब दो महीने तक कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनशन के बाद 27 अगस्त को दूषित पेयजल लाइन काटी गई। सबसे गंभीर बात यह है कि जल संस्थान की जांच में पेयजल स्रोत में सीवेज मिलने की पुष्टि हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक दुर्गापुर पेयजल संयंत्र के ऊपर ही सीवर ट्रीटमेंट प्लांट है और लंबे समय से सीवर का पानी पेयजल लाइन में रिस रहा था।

दो लोगों की मौत के बाद जागा प्रशासन
दूषित पानी से बीमार 26 वर्षीय नीमा की बरेली में और 16 वर्षीय उमेश्वर जीना की दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में मौत हो गई। वहीं 50 से 60 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं और बीडी पांडे अस्पताल में 25 से ज्यादा पीलिया पीड़ित भर्ती बताए जा रहे हैं।
अब जल संस्थान ने दूषित स्रोत बंद कर दिया है। सीवर और पेयजल लाइनों को अलग करने का काम चल रहा है और दूसरे स्रोतों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। डीएम ने सात दिन के लिए स्कूल बंद करने, जल स्रोतों के क्लोरीनेशन और घर-घर स्वास्थ्य शिविर के निर्देश दिए हैं।
Nainital
दूध की 5 कंपनियों के सैंपल हुए फेल, कहीं आप भी तो नहीं करते हैं इनका इस्तेमाल

Nainital News : उत्तराखंड में दूध की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। हल्द्वानी में लिए गए अलग-अलग कंपनियों के 5 दूध के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। यानी की 5 कंपनियों के सैंपल फेल हो गए।
Table of Contents
उत्तराखंड में दूध की 5 कंपनियों के सैंपल फेल
नैनीताल जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में अलग-अलग कंपनियों के दूध के पांच नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। जिलाधिकारी के निर्देश पर 5 अगस्त 2026 को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में वितरकों से दूध के सैंपल लिए गए थे। इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया था।
SNF की मात्रा तय मानक से पाई गई कम
जांच रिपोर्ट में पांचों नमूनों में मिल्क फैट और या सॉलिड नॉट फैट (SNF) की मात्रा तय मानक से कम पाई गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन नमूनों को सबस्टैंडर्ड यानी अवमानक घोषित किया है।

जांच में परम स्टैंडर्ड मिल्क में फैट 3.75% मिला, जबकि मानक 4.5% है। मधुसूदन काऊ मिल्क में फैट 3.11% और SNF 8% पाया गया, जबकि तय मानक 3.2% और 8.3% है। वहीं हेल्थवेज स्टैंडर्ड मिल्क में फैट 4.27% और SNF 7.21% मिला, जबकि मानक क्रमशः 4.5% और 8.5% निर्धारित है।
कृत्रिम सिंथेटिक रंग की मिलावट नहीं मिली
खुले गाय-भैंस के मिश्रित दूध के नमूने में फैट 2.96% और SNF 6.59% पाया गया। मदर डेयरी काऊ मिल्क में फैट 3.04% मिला, जो निर्धारित 3.2% से कम है। हालांकि, प्रयोगशाला जांच में इन नमूनों में स्टार्च, यूरिया, नमक, न्यूट्रलाइजर, शुगर और कृत्रिम सिंथेटिक रंग की मिलावट नहीं मिली। इसके बावजूद निर्धारित पोषण गुणवत्ता से कम फैट और SNF पाए जाने के कारण संबंधित नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अवमानक घोषित किया गया है।
Nainital
उत्तराखंड में यहां पति ने की पत्नी की हत्या, फिर हुआ फरार, बेटे के पड़ोसियों को बताने पर हुआ खुलासा

Nainital News : उत्तराखंड के नैनीताल से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब बेटे ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां सुबह से उठ नहीं रही है।
Table of Contents
नैनीताल में पति ने की पत्नी की हत्या
नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में घर पहुंचे पति ने विवाद के बाद अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
शराब के नशे में में आरोपी और मृतका का हुआ था विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक तल्ला ओखलकांडा निवासी 36 वर्षीय भीम सिंह उर्फ मोनू 21 अगस्त की रात मजदूरी करके घर लौटा था। आरोप है कि उस समय वो शराब के नशे में था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसका अपनी 28 वर्षीय पत्नी डिंकी देवी से विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पति ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मारपीट में डिंकी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति घर से फरार हो गया।

बेटे के पड़ोसियों को बताने पर हुआ खुलासा
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब दंपती के बेटे ने आसपास रहने वाले लोगों को बताया कि उसकी मां सुबह से नहीं उठी है। इसके बाद पड़ोसियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। 22 अगस्त को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया।
घटना के बाद से आरोपी पति फरार
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
uttarakhand weather6 hours agoउत्तराखंड में पूरे हफ्ते होगी बारिश, 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Dehradun7 hours agoसीएम आज करेंगे मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग
Rudraprayag6 hours agoकेदारनाथ यात्रा मार्ग पर मचा हड़कंप, पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण महिला की मौत
Dehradun4 hours agoमसूरी में अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, चार दुकानें ध्वस्त
big news7 minutes agoनैनीताल के ज्योलीकोट में दूषित पानी से 2 की मौत, 200 से भी ज्यादा लोग हुए बीमार





































