Dehradun
उत्तराखंड: राज्य आंदोलनकारियों के लिए सभी नई भर्तियों में 10% आरक्षण लागू, अधिसूचना जारी।

देहरादून – प्रदेश में राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की अधिसूचना जारी होने के बाद अब सभी भर्तियों के विज्ञापन बदलेंगे। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। शासन या विभागों से कई भर्तियों के अधियाचन उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजे गए हैं। इनकी विज्ञप्ति अभी जारी नहीं हुई। इस बीच 10 प्रतिशत राज्य आंदोलनकारी क्षैतिज आरक्षण लागू हो गया है।

लिहाजा, इन सभी भर्तियों के विज्ञापन अब इस आरक्षण के साथ लागू होंगे। इसके अलावा, जिन भर्तियों के अधियाचन अभी आयोगों को नहीं गए हैं, उन्हें अब क्षैतिज आरक्षण के साथ ही भेजा जाएगा। कार्मिक विभाग लोअर पीसीएस भर्ती के अधियाचन में ये बदलाव करके ही आयोग को भेजेगा। इसी प्रकार, अन्य भर्तियां भी अब आंदोलनकारी आरक्षण के साथ ही होंगी।
विधायी विभाग ने सरकारी नौकरियों की भर्ती में चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की अधिसूचना जारी कर दी है।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने रविवार को क्षैतिज आरक्षण संबंधी विधेयक को मंजूरी दी थी। मंजूरी मिलने के बाद विधायी विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी। इस कानून के लागू होने के बाद अब प्रदेश के चिह्नित आंदोलनकारियों के सभी आश्रितों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लाभ मिलेगा।
पूर्व सरकारों में राज्य आंदोलनकारियों के केवल एक आश्रित के लिए क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई थी। उसमें एक आश्रित पुत्र अथवा विवाहित पुत्री का जिक्र था, लेकिन नए कानून में चिह्नित आंदोलनकारियों की परित्यक्ता, विधवा, तलाकशुदा पुत्री को भी क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिल सकेगा।
प्रवर समिति ने जितने भी संशोधन सुझाए थे, उन्हें एक्ट में शामिल किया गया है। राज्य आंदोलनकारी क्रांति कुकरेती के मुताबिक, एक्ट की परिभाषा को व्यापक किया गया है और इसके दायरे में सभी आश्रितों को लाया गया है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि राज्य अधीनस्थ चयन आयोग और लोकसेवा आयोग को भेजे जाने वाले अधियाचन में चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों को दिए जाने वाले क्षैतिज आरक्षण संबंधी संशोधन कर दिया जाए, ताकि आने वाले समय में होने वाली भर्तियों में इसका लाभ मिल सके।
Dehradun
दोस्तों ने दिवाली पार्टी पर घर बुलाया, सुबह मोर्चरी में मिला 15 वर्षीय अर्श का शव

Dehradun News : दिवाली का त्योहार मनाने के लिए दोस्तों के साथ घर से निकला 15 वर्षीय अर्श अंसारी कभी वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव मोर्चरी में मिला। अब अर्श के पिता नदीम अंसारी ने बेटे की मौत को लेकर उसके दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, 8 नवंबर को अर्श के दोस्त श्रेयस ममगाईं ने उसे दिवाली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। श्रेयस और उसके माता-पिता ने भरोसा दिया था कि त्योहार मनाने के बाद अर्श को रात में ही घर छोड़ दिया जाएगा। देर रात तक जब बेटा घर नहीं पहुंचा तो पिता ने फोन किया। उन्हें बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा।
नदीम अंसारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय अर्श दोस्तों के साथ था और बातचीत के दौरान उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन अगली सुबह श्रेयस की मां ने फोन कर अर्श के मोर्चरी में होने की जानकारी दी।
परिवार जब मोर्चरी पहुंचा तो अर्श के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले। पिता ने शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
परिवार के मुताबिक, घटना की जानकारी सुबह करीब छह बजे मिली। पिता का कहना है कि घटना में शामिल लड़कों की उम्र 16 से 17 साल के बीच है, लेकिन वह चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और बेटे को न्याय मिले।
Dehradun
PM मोदी को CM धामी की चिट्ठी, बताया कैसे बदल रहा है उत्तराखंड

Uttarakhand News : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों का जिक्र किया है। उन्होंने इन प्रयासों में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, उद्योग और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रहा है। राज्य में विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही रोजगार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए भी नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नए उत्तराखंड में समाज के प्रत्येक वर्ग की खुशहाली और प्रगति को केंद्र में रखकर काम किया जा रहा है।
Dehradun
देहरादून में 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं से सनसनी, कहीं नशा तो कहीं संपत्ति विवाद बना वजह

Dehradun News : राजधानी देहरादून में पिछले 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में कहीं मामूली विवाद ने एक किशोर की जान ले ली, तो कहीं संपत्ति विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। वहीं, नशे की लत में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।
Table of Contents
पहली घटना: मामूली विवाद में किशोर की मौत
देहरादून के सुरी चौक पर लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अर्श के दोस्त ही उसे अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे और फिर वहां से फरार हो गए। परिजनों ने उसके दोस्तों पर संदेह जताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
दूसरी घटना: संपत्ति विवाद में युवक की हत्या
दूसरी वारदात रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में सामने आई, जहां संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में गौरव नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तीसरी घटना: नशे के लिए रुपये नहीं मिले तो पिता की हत्या
तीसरी और सबसे रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे नितिन अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इनकार करने पर वह दरांती लेकर भांजे पर हमला करने दौड़ा। ऋषभ किसी तरह वहां से भाग निकला। इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को रोकने और समझाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से गुस्साए नितिन ने उन पर चाकू से वार कर दिया।
सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
लगातार सामने आई इन तीन हत्याओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 24 घंटे के भीतर तीन परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं की जांच में क्या खुलासे करती है।










































