Bageshwar
बागेश्वर में स्वास्थ्य सेवाओं की नई पहल: डीएम ने शुरू की ‘हैलो हेल्थ’ हेल्पलाइन सेवा

बागेश्वर: पर्वतीय क्षेत्रों में आमजन को सुलभ, त्वरित और सटीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज जिला चिकित्सालय बागेश्वर में हैलो हेल्थ हेल्पलाइन सेवा का शुभारंभ किया।
इस सेवा के माध्यम से अब जनपदवासी रात्रिकालीन समय (रात्रि 08 बजे से प्रातः 08 बजे तक) भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। विशेष रूप से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को यह सेवा बड़ा संबल देगी, जिससे बिना अस्पताल आए ही डॉक्टरों की उपलब्धता, ब्लड स्टॉक, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड जैसी जांच सुविधाओं की जानकारी मिल सकेगी। जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी।

हेल्पलाइन नंबर: 9068520235
कोई भी नागरिक रात्रि में इस नंबर पर कॉल कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श ले सकता है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस सेवा को टोल फ्री बनाया जाए, जिससे कोई भी आर्थिक बाधा न हो और अधिक से अधिक लोग निःशुल्क लाभ उठा सकें। साथ ही इसमें प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं, जो संवेदनशीलता और दक्षता के साथ मरीजों को सही सलाह दे सकें।
स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि डिजिटल टोकन सिस्टम की शुरुआत भी की जा चुकी है। अब ओपीडी में मरीजों को लंबी कतारों में प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। टोकन प्रणाली के माध्यम से उन्हें क्रमवार नंबर प्राप्त होगा और वे अपने समय पर डॉक्टर से परामर्श ले सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि अस्पताल प्रबंधन में पारदर्शिता और सुचारुता भी आएगी।

जिलाधिकारी भटगांई ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि पहाड़ों में रहने वाले हर व्यक्ति को सहज, सम्मानजनक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा मिले। हेल्पलाइन और डिजिटल नवाचार इस दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक तपन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदित्य तिवारी, अस्पताल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Bageshwar
बागेश्वर में 1.472 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

Bageshwar News : जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कपकोट थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चरस तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 1.472 किलोग्राम चरस बरामद की है।
Table of Contents
बागेश्वर में 1.472 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बागेश्वर में पुलिस वे 1.472 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी सीज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर लगाया गया बैरियर
पुलिस टीम को चरस तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कपकोट थाना पुलिस और एसओजी ने पालीडुंगरा पुल से आगे भराड़ी मार्ग पर स्थित ऑर्गेनिक जैविक उत्पाद भवन के पास निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध अपाची बाइक वहां पहुंची।
पुलिस ने बाइक को रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, चालक ने घबराकर बाइक अचानक रोक दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बाइक पर सवार दोनों युवकों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम गोविंद सिंह (32), निवासी सुमगढ़ बताया, जबकि पीछे बैठे युवक की पहचान राजा रावत उर्फ राज रावत (26), निवासी शामा मेन बाजार के रूप में हुई।
बैग में छिपाकर ले जा रहे थे चरस
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों युवक घबरा गए और उन्होंने बैग में चरस होने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह चरस को द्वाराहाट में बेचने के लिए ले जा रहे थे। उनके अनुसार, चरस उन्हें शामा क्षेत्र में एक अज्ञात चाय विक्रेता से मिली थी।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार दोनों आरोपियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनकी तलाशी ली।
Bageshwar
भारी बारिश के अलर्ट के कारण आज इस जिले में सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए आदेश

Bageshwar News : देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जिले में भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद बागेश्वर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। संभावित खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोमवार, 27 जुलाई को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
Table of Contents
भारी बारिश के अलर्ट के कारण आज बागेश्वर में सभी स्कूल बंद
बागेश्वर में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनवाड़ी केंद्र सोमवार को बंद रहेंगे। ये फैसला मौसम विभाग की चेतावनी और किसी भी संभावित आपदा की स्थिति से बचाव के उद्देश्य से लिया गया है।

आम नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Bageshwar
बागेश्वर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते उरेडा अधिकारी गिरफ्तार

Bageshwar News : उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उरेडा (UREDA) के परियोजना अधिकारी को कथित तौर पर 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।
Table of Contents
बागेश्वर में रिश्वत लेते उरेडा अधिकारी गिरफ्तार
बागेश्वर में एक शिकायतकर्ता ने विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उरेडा कार्यालय में उनके सोलर प्लांट से संबंधित संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट लंबे समय से लंबित थी। आरोप था कि परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल फाइलों को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक फाइल पर 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
शिकायतकर्ता की कुल चार फाइलें विभाग में लंबित थीं। आरोप है कि इन फाइलों के निस्तारण के बदले अधिकारी ने कुल 40 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय मामले की शिकायत विजिलेंस से कर भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करना चाहता था।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
शिकायत के बाद विजिलेंस ने की ये कार्रवाई
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने उरेडा कार्यालय में कार्रवाई की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल, निवासी राजनगर, पीरुमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल) को 40 हजार रुपये दिए, टीम ने तत्काल छापा मारकर उन्हें रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल विजिलेंस आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






































