Uttarakhand
उत्तरकाशी में बारिश का कहर: मातली में घरों में घुसा पानी, हाईवे बंद, लोग रातभर परेशान

उत्तरकाशी: पहाड़ों में बारिश आम बात है, लेकिन जब ये बारिश कहर बन जाए, तो लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी थम सी जाती है। उत्तरकाशी जिले में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने कुछ ऐसा ही मंजर दिखाया। मातली कस्बे में हालात इतने बिगड़े कि लोगों के घरों में पानी घुस गया, दुकानों में कीचड़ भर गया और बच्चों को लेकर लोग रात में ही सुरक्षित जगहों की ओर भागते दिखे।
जिले में गंगोत्री-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 51 लिंक मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। मातली में नाले के उफान पर आने से गंगोत्री हाईवे बंद हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग गाड़ियों में ही रात बिताने को मजबूर हो गए। “हम पूरी रात सो नहीं पाए, बच्चे रोते रहे”
मातली की एक स्थानीय महिला ने बताया कि रात को अचानक नाले का पानी घर में घुस आया। बच्चों को उठाकर जैसे-तैसे बाहर भागे। सब कुछ तबाह हो गया – कपड़े, बर्तन, राशन…सब पानी में बह गया।
कई घरों के साथ-साथ होटल, दुकानों और छोटी व्यवसायिक इकाइयों को भी भारी नुकसान हुआ है। सुबह जब पानी कुछ कम हुआ और लोग घरों में वापस आए, तो चारों तरफ सिर्फ़ कीचड़, बर्बादी और तबाही का दृश्य था।
प्रशासन पर अनदेखी के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि रातभर जिला प्रशासन को फोन करते रहे, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। न कोई अधिकारी आया, न कोई राहत टीम।
“हर साल यही होता है। हम चिल्लाते हैं, मगर सुनने वाला कोई नहीं होता,” – एक नाराज़ दुकानदार ने कहा।
आपदा प्रबंधन का बयान
इस पूरे मामले में आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने कहा कि मातली में गदेरा उफान पर आया था, जिससे पानी घरों में घुसा। हाईवे को खोल दिया गया है और गदेरे के उपचार की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
धराली की आपदा के बाद और डरे हुए हैं लोग
गौर करने वाली बात है कि 5 अगस्त को उत्तरकाशी के धराली इलाके में आई आपदा ने अभी भी लोगों के दिलों में डर बैठा रखा है। वहां कई लोग लापता हैं, और मलबा हटाने का काम अभी भी जारी है।
धराली में अब भी 65 लोग लापता हैं, जिनमें 9 आर्मी के जवान और 24 नेपाली नागरिक शामिल हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन भारी मलबा राहत कार्यों को धीमा कर रहा है।
Tehri Garhwal
केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, नई टिहरी में बौराड़ी स्टेडियम में उतारा

Tehri News : टिहरी जिला मुख्यालय के नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में आज सुबह ट्रांस भारत के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग होने से हलचल मच गई। हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी की ओर जा रहा था। इसमें मुंबई के छह यात्री सवार थे।
Table of Contents
केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की नई टिहरी में इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर के पायलट ने बताया कि एहतियात के तौर पर बौराड़ी स्टेडियम में लैंडिंग कराई गई। हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। पायलट ने इसे प्रिकॉशन लैंडिंग (एहतियाती लैंडिंग) बताया।

ये प्रिक्यूशन लैंडिंग है इमरजेंसी लैंडिंग नहीं
पायलट के द्वारा हेलिकॉप्टर की चेकिंग करके कुछ देर रुकने के बाद हेलीकॉप्टर दोबारा गुप्तकाशी के लिए रवाना हो गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
पायलट ने कहा की ये प्रिक्यूशन लैंडिंग है इमरजेंसी लैंडिंग नहीं है, प्रिक्यूशन लैंडिंग और प्रिक्यूशन के लिए की गई है और फॉल्ट हमने चेक कर दिया है और ये सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी के लिए जा रहा है इसमें 6 लोग सवार थे। और ये टीबी (ट्रांस भारत) कंपनी का है।
uttarakhand weather
उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 7 जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट

Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। आज प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं। आज सात जिलों में बारिश के साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
Table of Contents
उत्तराखंड में आज फिर बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पर्वतीय इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं। वहीं, आज प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
7 जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में मौसम बदल सकता है। इन जिलों के ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि निचले इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

सुबह और शाम के समय हो रहा ठंडक का एहसास
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य दर्ज किया गया। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाने की संभावना भी जताई है। ऐसे में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। घाटियों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
Dehradun
देहरादून में किराये के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

Dehradun News : देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने किराये के मकान में कथित रूप से चलाए जा रहे देह व्यापार के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में इस गतिविधि को संचालित करने की आरोपी महिला भी शामिल है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
Table of Contents
देहरादून में किराये के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
देहरादून में 23 अक्टूबर 2026 को पटेलनगर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर-1 स्थित एक मकान में किराये का कमरा लेकर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित मकान में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने मौके से कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया।
व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, अजमीरा नाम की आरोपी महिला ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह दूसरे जनपदों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर वहां देह व्यापार संचालित कर रही थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क करती थी और व्हाट्सएप पर उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजती थी। ग्राहकों की मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे में बुलाया जाता था। हालांकि, ये आरोप पुलिस की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित हैं।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक एवं आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा, कांस्टेबल पंकज और महिला कांस्टेबल किरण शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
Haridwar24 hours agoहरिद्वार होमगार्ड भर्ती में फर्जीवाड़ा, AI से फर्जी सर्टिफिकेट बनाए !, 20 से ज्यादा आवेदन रद्द
Dehradun23 hours agoमसूरी मॉल रोड पर वाहनों की नो एंट्री, सैलानियों के लिए प्रशासन का नया प्लान
Haridwar21 hours agoहरिद्वार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी कर 3 गांवों के 18 घरों में पकड़ी बिजली चोरी
Dehradun18 hours agoपलटन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो एंट्री, अतिक्रमण पर भी चलेगा अभियान
Dehradun18 hours agoदेहरादून में किराये के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
uttarakhand weather2 hours agoउत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 7 जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट
Tehri Garhwal1 hour agoकेदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, नई टिहरी में बौराड़ी स्टेडियम में उतारा







































