Dehradun
शीतलहर की दस्तकः प्रशासन ने शुरू की बचाव तैयारियां

गिरता पारा, बढ़ती चुनौतियां-जिला प्रशासन अलर्ट पर,
दूरदराज इलाकों पर फोकस, एडवांस राशन सप्लाई और जरूरी सेवाओं के लिए विशेष प्लान तैयार,
बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी, प्रमुख चौक चौराहों पर जलेंगे अलाव
पाला, कोहरे का खतरा बढ़ा, सड़क दुर्घटनाएं रोकने को चेतावनी साइनेज के साथ ट्रैफिक नियम होंगे सख्त,
देहरादून: शीतलहर और तापमान में दिनों दिन गिरावट को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने शनिवार को एनआईसी सभागार में शीतलहर की तैयारियों को लेकर बैठक ली। उन्होंने शीत ऋतु में बर्फबारी और ठंड से बचाव के लिए रेखीय विभागों को शीघ्र एक्शन प्लान उपलब्ध कराने और आम जनमानस को शीतलहर के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गरीब और बेघर लोगों के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, चौक चौराहों, अस्पतालों एवं बस स्टैंड पर रात्रि में अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बेघरों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने के लिए रैन बसेरों को पूरी क्षमता से संचालित करते हुए गद्दे, कंबल, हीटर जैसी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित करें। जरूरतमंद लोगों को गरम कंबल वितरण किए जाए।
अपर जिलाधिकारी ने अस्पतालों में दवाइयों और मेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही शीतलहर के दृष्टिगत गर्भवती महिलाओं का संपूर्ण डाटा रखने को कहा, ताकि आपात परिस्थितियों में उन्हें शीघ्र अति शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बर्फवारी और पालाग्रस्त क्षेत्रों में साइनेज लगाए जाए। बर्फवारी से बाधित सड़कों को खोलने के लिए पर्याप्त संख्या में मैनपावर व मशीनरी का प्लान तैयार रखे। कोई भी सड़क बर्फवारी से अधिक देर तक बाधित न रहे। दूरस्थ गांव क्षेत्रों में एडवांस में खाद्यान पहुंचाया जाए। बिजली, पानी की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक सामग्री के साथ पूरा कंटीजेन्सी प्लान तैयार रखे। कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाएं न हो, इसके लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने तहसील एवं ब्लाक स्तर पर भी शीतलहर से निपटने के लिए समुचित तैयारियां तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील स्तर पर राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाए। आपातकालीन संचालन केंद्रों का हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार प्रसार करें। शीतलहर के दृष्टिगत निराश्रित पशुओं के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाए।
बैठक में एसडीएम अपर्णा ढ़ौडियाल, एसीएमओ डा.बंदना सेमवाल, सीईओ वीके ढ़ौडियाल, डीएसओ केके अग्रवाल, सीवीओ डा.एससी जोशी, डीटीडीओ बृजेन्द्र पांडेय, डीडीएमओ ऋषभ कुमार सहित सड़क, विधुत, पेयजल सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
Dehradun
दोस्तों ने दिवाली पार्टी पर घर बुलाया, सुबह मोर्चरी में मिला 15 वर्षीय अर्श का शव

Dehradun News : दिवाली का त्योहार मनाने के लिए दोस्तों के साथ घर से निकला 15 वर्षीय अर्श अंसारी कभी वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव मोर्चरी में मिला। अब अर्श के पिता नदीम अंसारी ने बेटे की मौत को लेकर उसके दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, 8 नवंबर को अर्श के दोस्त श्रेयस ममगाईं ने उसे दिवाली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। श्रेयस और उसके माता-पिता ने भरोसा दिया था कि त्योहार मनाने के बाद अर्श को रात में ही घर छोड़ दिया जाएगा। देर रात तक जब बेटा घर नहीं पहुंचा तो पिता ने फोन किया। उन्हें बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा।
नदीम अंसारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय अर्श दोस्तों के साथ था और बातचीत के दौरान उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन अगली सुबह श्रेयस की मां ने फोन कर अर्श के मोर्चरी में होने की जानकारी दी।
परिवार जब मोर्चरी पहुंचा तो अर्श के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले। पिता ने शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
परिवार के मुताबिक, घटना की जानकारी सुबह करीब छह बजे मिली। पिता का कहना है कि घटना में शामिल लड़कों की उम्र 16 से 17 साल के बीच है, लेकिन वह चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और बेटे को न्याय मिले।
Dehradun
PM मोदी को CM धामी की चिट्ठी, बताया कैसे बदल रहा है उत्तराखंड

Uttarakhand News : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों का जिक्र किया है। उन्होंने इन प्रयासों में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, उद्योग और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रहा है। राज्य में विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही रोजगार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए भी नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नए उत्तराखंड में समाज के प्रत्येक वर्ग की खुशहाली और प्रगति को केंद्र में रखकर काम किया जा रहा है।
Dehradun
देहरादून में 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं से सनसनी, कहीं नशा तो कहीं संपत्ति विवाद बना वजह

Dehradun News : राजधानी देहरादून में पिछले 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में कहीं मामूली विवाद ने एक किशोर की जान ले ली, तो कहीं संपत्ति विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। वहीं, नशे की लत में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।
Table of Contents
पहली घटना: मामूली विवाद में किशोर की मौत
देहरादून के सुरी चौक पर लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अर्श के दोस्त ही उसे अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे और फिर वहां से फरार हो गए। परिजनों ने उसके दोस्तों पर संदेह जताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
दूसरी घटना: संपत्ति विवाद में युवक की हत्या
दूसरी वारदात रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में सामने आई, जहां संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में गौरव नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तीसरी घटना: नशे के लिए रुपये नहीं मिले तो पिता की हत्या
तीसरी और सबसे रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे नितिन अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इनकार करने पर वह दरांती लेकर भांजे पर हमला करने दौड़ा। ऋषभ किसी तरह वहां से भाग निकला। इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को रोकने और समझाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से गुस्साए नितिन ने उन पर चाकू से वार कर दिया।
सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
लगातार सामने आई इन तीन हत्याओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 24 घंटे के भीतर तीन परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं की जांच में क्या खुलासे करती है।














































