Pithauragarh
पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री धामी ने किया 85 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, जानें क्या है खास

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को “अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025” के उपलक्ष्य में पिथौरागढ़ में आयोजित सहकारिता मेले का शुभारंभ किया।इस अवसर पर उन्होंने जनपद की 85.14 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिसमें 23.16 करोड़ रुपये की लागत के शिलान्यास एवं 61.98 करोड़ रुपये के लोकार्पण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जिन योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे पिथौरागढ़ के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता की परंपरा भारत में प्राचीन काल से चली आ रही है। यह एक-दूसरे को परस्पर सहयोग द्वारा स्वावलंबी बनाने का प्रयास है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2025 को “अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष” घोषित किया है…ताकि वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देकर सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में “सहकार से समृद्धि” के स्वप्न को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में एक अलग सहकारिता मंत्रालय के गठन का निर्णय लिया। आज अमित शाह के नेतृत्व में यह मंत्रालय देश में सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए एक अलग प्रशासनिक, कानूनी और नीतिगत ढांचा तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण का कार्य उत्तराखंड से प्रारंभ हुआ था और आज प्रदेश की सभी 671 सहकारी समितियों का कंप्यूटरीकरण पूर्ण हो चुका है। राज्य की 24 समितियाँ जन औषधि केंद्र के रूप में कार्य कर रही हैं…जिनसे ग्रामीण जनता को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ मिल रही हैं। 640 समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की 3838 समितियों का डेटा राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस पर अपलोड हो चुका है। राज्य में फरवरी 2023 से अब तक 800 नई पैक्स, 248 नई डेयरी समितियाँ एवं 116 मत्स्य समितियाँ गठित की गई हैं। उत्तराखंड सहकारी संघ द्वारा मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत किसानों को अधिक लाभ पहुँचाने के लिए इस वर्ष मण्डुवा की खरीद 48.86 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की जा रही है। दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत किसानों और स्वयं सहायता समूहों को पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय, मछली पालन और फूलों की खेती जैसे कृषि कार्यों हेतु 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। सहकारी समितियों के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों को 1 लाख रुपये का ब्याजमुक्त फसली ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के सहकारी बैंकों में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की जमापूंजी है, जो इन संस्थाओं के प्रति जनता के बढ़ते भरोसे का प्रमाण है। सहकारी समितियों के माध्यम से महिला उद्यमिता को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। प्रदेश की 1 लाख 70 हजार से अधिक बहनों ने “लखपति दीदी” बनकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया इतिहास रचा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा है। 34 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉलेज में आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। विकासखंड बेरीनाग में एक भव्य स्टेडियम का निर्माण कार्य भी प्रारंभ होने वाला है। अस्कोट, गंगोलीहाट और धारचूला में नए बस स्टेशनों के निर्माण के साथ ही पिथौरागढ़ में रोडवेज वर्कशॉप का निर्माण भी कराया जा रहा है। क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 327 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य गतिमान है। पिथौरागढ़ को हल्द्वानी, देहरादून और दिल्ली से हवाई सेवा द्वारा जोड़ने का कार्य किया गया है। पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप में विकसित करने का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

इस अवसर पर राज्य मंत्री, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, अध्यक्ष जिला पंचायत पिथौरागढ़ जितेन्द्र प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं स्थानीय जनता उपस्थित थी।
Uttarakhand
पिथौरागढ़: 5 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, पहले भी जा चुका है जेल..

Pithoragarh News : मुख्य बिंदु
- त्वरित कार्रवाई: पुलिस ने शिकायत मिलने के मात्र 8 घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद किया।
- सीसीटीवी फुटेज से सुराग: 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की कड़ियों को जोड़कर आरोपी की पहचान की गई।
- आरोपी का पुराना इतिहास: आरोपी वर्ष 2022 में भी इसी तरह के अपराध में जेल जा चुका है और हाल ही में रिहा हुआ था।
- पुलिस टीम को इनाम: बेहतर कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) ने टीम को 5,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
पूरी घटना और पुलिस का एक्शन प्लान
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक 5 साल की मासूम बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न केवल बच्ची को सुरक्षित बरामद किया, बल्कि मुख्य आरोपी को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
यह मामला 23 जून को तब सामने आया जब कोतवाली पिथौरागढ़ में एक पीड़ित पिता ने अपनी 5 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और खोजबीन के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से 8 घंटे में बरामदगी
जांच के शुरुआती चरण में पुलिस ने शहर के 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को टनकपुर तिराहे के पास से महज 8 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद जब बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया, तो उसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले में पॉक्सो एक्ट समेत कई अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
आरोपी होशियार सिंह गिरफ्तार, निकला पुराना अपराधी
आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने करीब 50 और सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से विश्लेषण किया। आखिरकार आरोपी की पहचान होशियार सिंह (उम्र 35 वर्ष), निवासी रई धनौड़ा, पिथौरागढ़ के रूप में हुई। 25-26 जून की रात को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पुनेड़ी महर रोड के पास से आरोपी को दबोच लिया।
चौंकाने वाला खुलासा: पूछताछ में सामने आया कि आरोपी होशियार सिंह एक आदतन अपराधी है। वह साल 2022 में भी एक नाबालिग के अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले में जेल की हवा खा चुका है। वह इसी साल 14 मई 2026 को हरिद्वार जेल से पर्सनल बॉन्ड पर बाहर आया था और जेल से छूटते ही उसने दोबारा इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
कड़ी कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज
पिथौरागढ़ पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 5/6 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। इन धाराओं के तहत दोषी पाए जाने पर अपराधी को कठोरतम कारावास या मृत्युदंड तक का प्रावधान है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलवाएंगे।
जांबाज पुलिस टीम को नकद इनाम
इस चुनौतीपूर्ण केस को सुलझाने में कोतवाली पिथौरागढ़ की टीम ने दिन-रात एक कर दिया। आरोपी को पकड़ने वाली टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक कमलेश चन्द्र जोशी ने किया, जबकि हेड कांस्टेबल मुकेश शर्मा और कांस्टेबल पंकज गिरी ने बच्ची को ढूंढने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) पिथौरागढ़ ने पूरी टीम को ₹5,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
Uttarakhand
मुनस्यारी पहुंचे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, नंदा देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) अपने दो दिवसीय मुनस्यारी भ्रमण पर पहुंचे। मुनस्यारी पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष सिंह नबियाल तथा 14वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट रामभरत सिंह कुशवाहा सहित अन्य अधिकारियों ने भी राज्यपाल का स्वागत किया। इसके उपरांत पुलिस के जवानों द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण कर जवानों का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनके अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।


राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने नंदा देवी मंदिर में की पूजा
अपने भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकसित पर्यटन सुविधाओं, स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की सराहना की।
राज्यपाल ने सरमोली ग्राम पंचायत का भी भ्रमण किया, जिसे ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज’ का सम्मान प्राप्त है। उन्होंने यहां के होमस्टे मॉडल और सामुदायिक पर्यटन को सतत विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी में पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय आजीविका का अनूठा संगम देखने को मिलता है, जो क्षेत्र को नई पहचान दिला रहा है।
Uttarakhand
पिथौरागढ़ समाचार: थल–मुनस्यारी मोटर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, एक की मौत

पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, एक की मौत
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद के थल–मुनस्यारी मोटर मार्ग से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां हरकोट बैंड के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
हरकोट बैंड के पास असंतुलित हुई कार
जानकारी के अनुसार, तल्ला जोहार क्षेत्र से मुनस्यारी की ओर आ रही एक अर्टिगा कार (वाहन संख्या UK 05 TA 5586) हरकोट बैंड के समीप अचानक असंतुलित हो गई और दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान और कार में सवार अन्य घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी थी।
जांच जारी: इस दुखद घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








































