Haldwani
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में ग्रेविटी वॉल बनाने का कार्य जल्द होगा शुरू, आईआईटी रुड़की ने मांगी संस्तुति रिपोर्ट।

नैनीताल – काठगोदाम और हल्द्वानी रेलवे स्टेशन की शंटिंग लाइन करीब तीन साल से बंद पड़ी है। काठगोदाम रेलवे स्टेशन में अक्तूबर 2021 में आई आपदा से शंटिंग लाइन गौला नदी में बह गई थी। गौला नदी से कटाव के चलते हल्द्वानी रेलवे स्टेशन की पटरी संख्या तीन के किनारे विद्युतीकरण के लिए लगा पोल भी बह गया था, जिससे यह प्लेटफार्म बंद पड़ा है।

रेलवे अधिकरियों की ओर से वर्ष अक्तूबर 2023 में काठगोदाम स्टेशन में शंटिंग लाइन की मरम्मत और इसके बचाव के लिए कार्य शुरू किया गया था। वर्तमान समय में ग्रेविटी वॉल का कार्य करीब 60 फीसदी पूरा हो गया है। हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में शंटिंग लाइन के बचाव के लिए बनाई जा रही ग्रेविटी वॉल का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ।
रेलवे अधिकारियाें ने बताया कि वन विभाग की ओर से आरबीएम फिलिंग के लिए ट्रक चलाने की अनुमति देर से मिली थी। करीब दो महीने पहले अनुमति मिलने पर हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में आरबीएम फिलिंग का कार्य शुरू हुआ था। इस कारण यहां पर ग्रेविटी वॉल बनाने का कार्य भी शुरू नहीं हो पाया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुछ दिन पहले आईआईटी रुड़की ने विभाग से ग्रेविटी वॉल बनाने के लिए संस्तुति रिपोर्ट मांगी है। रेलवे अधिकरियाें की ओर से इसके लिए मानचित्र भी तैयार किया जा रहा है जिसके बाद हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में ग्रेविटी वॉल बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शंटिंग लाइन बहने से क्या कार्य रहे बाधित
शंटिंग लाइन से ही पिट लाइन में ट्रेनों को भेजकर कोच के पहियों समेत अन्य की जांच की जाती है। साथ ही धुलाई आदि भी होती है। जब कैरिज एंड वैगन विभाग संतुष्ट होने के बाद ट्रेन चलने के लिए अनुमति देता है, तो ही ट्रेन का संचालन होता है। शंटिंग लाइन बंद होने के कारण पिट लाइन में 18 कोच की ट्रेन को एक साथ न भेजकर छह-छह कोच को तीन बार भेजना पड़ रहा है। इसमें ट्रेन के डिब्बे शंट होने में अधिक समय लग रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आईटीआई रुड़की ने इस कार्य के लिए रिपोर्ट मांगी है। जल्द ही हल्द्वानी स्टेशन की शंटिंग लाइन का बचाव कार्य शुरू कराया जाएगा। बरसात से पहले दोनों ही स्टेशनों में ग्रेविटी वॉल बनकर तैयार की जाएगी।
Haldwani
हल्द्वानी-लालकुआं की बदलने वाली है तस्वीर, दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी

Haldwani News : हल्द्वानी और लालकुआं के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे कुमाऊं के प्रवेश द्वार को अब दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने गौला पुल से नरीमन तिराहे तक फोरलेन सड़क और नगला से लालकुआं तक करीब 7 किलोमीटर लंबे बाईपास को मंजूरी दे दी है।
Table of Contents
हल्द्वानी-लालकुआं की बदलने वाली है तस्वीर
हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए केंद्र सरकार ने दो अहम सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं के पूरा होने के बाद शहर और आसपास के इलाकों में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
पहली परियोजना में बनभूलपुरा के गौला पुल से नरीमन तिराहे तक सड़क को फोरलेन किया जाएगा। यह इलाका काफी व्यस्त है और यहां लगातार वाहनों का दबाव बना रहता है। सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होने के साथ लोगों को जाम से राहत मिल सकती है।

वहीं दूसरी परियोजना के तहत नगला से लालकुआं वन विभाग गोदाम तक करीब 7 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जाएगा। इससे लालकुआं बाजार और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद
बाईपास बनने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों और बाहरी यातायात को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत कम होगी। इससे हल्द्वानी-लालकुआं क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
Haldwani
हल्द्वानी में भाजपा का महामंथन, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू

Haldwani News : उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज हल्द्वानी में शुरू हो गई है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष और महामंत्री समेत मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया।
Table of Contents
हल्द्वानी में भाजपा का महामंथन
प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी संगठन में खासा उत्साह है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस बैठक को संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर 2:20 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 3:10 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे।

इसके बाद शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और रात 7 बजे कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। ये सभी बैठकें हल्द्वानी में ही आयोजित होंगी।
आगामी चुनावी तैयारियों पर होगी चर्चा
बैठक के दौरान संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी चुनावी तैयारियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाले इस महामंथन को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
Haldwani
हल्द्वानी RTO दफ्तर में अचानक चली गोली, प्रशासनिक अधिकारी के फायरिंग करने से मचा हड़कंप

Haldwani News : हल्द्वानी के आरटीओ (RTO) कार्यालय में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक प्रशासनिक अधिकारी ने अपनी पिस्टल से अचानक गोली चला दी। जिस से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Table of Contents
हल्द्वानी RTO दफ्तर में अचानक चली गोली
हल्द्वानी के आरटीओ कार्यालय में उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रशासनिक अधिकारी की पिस्टल से गोली चल गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत ये रही कि गोली सीधे दफ्तर की छत में जा लगी। जिससे वहां मौजूद कर्मचारी बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पूरे कार्यालय में भगदड़ जैसी स्थिति
घटना के तुरंत बाद पूरे कार्यालय परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मुखानी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य (फॉरेंसिक सैंपल) कलेक्ट किए हैं, वहीं पुलिस ने मौके से पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया है।

गोली चलने के कारण नहीं हो पाया है स्पष्ट
प्रशासनिक अधिकारी ने दफ्तर के भीतर गोली किस वजह से चलाई, इसका कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। घटना के संबंध में आरटीओ प्रशासन गुरदेव सिंह ने बताया कि पूरे मामले की पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
फायरिंग करने वाले कर्मचारी से हो रही पूछताछ
फिलहाल इस घटना को लेकर किसी की तरफ से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। फायरिंग करने वाले संबंधित कर्मचारी से लेकर पूछताछ की जा रही है।





































