Breakingnews
केंद्र की विशेष सहायता की मियाद हो रही खत्म, अप्रैल माह से प्रदेश में बिजली संकट बढ़ने की आशंका।

देहरादून – प्रदेश में अप्रैल माह से बिजली संकट बढ़ने की आशंका है। केंद्र की विशेष सहायता की मियाद 31 मार्च को खत्म होने जा रही है। अब यूपीसीएल ने दो साल के लिए 400 मेगावाट बिजली की मांग का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है।

क्राइसिस मैनेजमेंट के लिए यूपीसीएल ने गैस आधारित बिजली के अलावा एनर्जी एक्सचेंज से भी तीन माह के लिए 100 मेगावाट बिजली खरीदी है। दरअसल, केंद्र ने पिछले साल मार्च में 350 मेगावाट बिजली राज्य को दी थी, जो वर्तमान में 150 मेगावाट ही मिल रही है। 31 मार्च को यह भी मिलनी बंद हो जाएगी, जबकि अप्रैल, मई और जून माह में प्रदेश में बिजली की मांग अपने चरम पर होती है।
भारी बिजली किल्लत मेंं और कटौती है हो सकती
ऐसे में केंद्र से और मदद न मिलने की सूरत में भारी बिजली किल्लत मेंं और कटौती हो सकती है। यूपीसीएल ने दो साल के लिए गैस का इंतजाम किया है, जिससे जरूरत के हिसाब से 300 मेगावाट बिजली मिल सकती है। इसी प्रकार एनर्जी एक्सचेंज से 100 मेगावाट बिजली खरीदी है जो 15 मार्च से आगामी तीन माह तक उपलब्ध होगी। इसके बावजूद भीषण बिजली संकट से बचने के लिए निगम ने केंद्रीय कोटे या विशेष कोटे से 400 मेगावाट बिजली दो साल के लिए मांगी है। अगर ये बिजली नहीं मिली तो आने वाला समय काफी मुश्किल हो सकता है।
बारिश से मिली राहत, आने वाला समय चुनौतीपूर्ण
फिलहाल यूपीसीएल को दो दिन बारिश की वजह से कुछ राहत मिली है। एक ओर जहां बिजली की मांग 4.1 करोड़ यूनिट से घटकर 3.4 करोड़ यूनिट तक आ गई है, तो दूसरी ओर बिजली की उपलब्धता भी 2.7 करोड़ यूनिट से बढ़कर 3.4 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है। आने वाले समय में बिजली की उपलब्धता कम होगी और मांग में बेतहाशा इजाफा होगा। इसकी वजह से परेशानी बढ़ना लाजिमी है।
बैंकिंग की बिजली भी जुलाई से लौटानी होगी
यूपीसीएल ने हरियाणा पावर परचेज सेंटर से लगातार तीन मह तक बिजली खरीदी थी। दिसंबर में 40, जनवरी में 90 और फरवरी में 40 मेगावाट बिजली ली गई थी, जो अब जुलाई से सितंबर तक 105 प्रतिशत बिजली लौटानी है। इससे भी यूपीसीएल पर लोड बढ़ना तय है।
यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार ने बताया कि बिजली किल्लत से बचने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अब 400 मेगावट का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है। निगम अपने उपभोक्ताओं के हित में काम कर रहा है।
Breakingnews
बैंक बंद होने से पहले मिलेगा पैसा, सरकार ने वेतन-पेंशन को लेकर जारी किए निर्देश

Uttarakhand News : देशभर में प्रस्तावित बैंक हड़ताल के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के सितंबर महीने के भुगतान को लेकर बड़ा फैसला लिया है।
Table of Contents
बैंक बंद होने से पहले मिलेगा पैसा
सरकार ने सितंबर 2026 का वेतन और पेंशन 26 सितंबर तक जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल के संभावित असर के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों को भुगतान से जुड़ी किसी परेशानी से बचाना है।
देशभर में 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इस दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने सितंबर माह के वेतन और पेंशन का भुगतान निर्धारित समय से पहले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिलाधिकारियों और कोषागार अधिकारियों को निर्देश
प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने 25 सितंबर को इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों और कोषागार, पेंशन एवं हकदारी निदेशक को निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों और पेंशनरों को सितंबर 2026 के वेतन एवं पेंशन का भुगतान 26 सितंबर, शनिवार तक सुनिश्चित किया जाए।
सरकार के इस कदम से बैंक हड़ताल के दौरान भुगतान संबंधी संभावित दिक्कतों से कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलने की उम्मीद है।

अक्टूबर के भुगतान में होगा जरूरी समायोजन
सरकारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सितंबर महीने का वेतन या पेंशन जारी करते समय पूरे महीने की देय राशि का आकलन किया जाए। अगर भुगतान के बाद किसी राशि में समायोजन की आवश्यकता सामने आती है, तो उसका निपटारा अक्टूबर 2026 के वेतन या पेंशन में किया जाएगा।
इसके साथ ही संबंधित विभागों को भुगतान से जुड़ी आवश्यक लेखांकन प्रक्रिया भी नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह बैंक हड़ताल शुरू होने से पहले ही उत्तराखंड सरकार सितंबर महीने के सरकारी वेतन और पेंशन का भुगतान पूरा कराने की तैयारी में जुट गई है।
Breakingnews
उत्तराखंड में आज 8 जिलों में बारिश का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में 25 सितंबर को मौसम करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।
Table of Contents
उत्तराखंड में आज 8 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में आज आठ जिलों में बारिश का अलर्ट है। आज बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, चमोली और पिथौरागढ़ में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी बारिश के तेज दौर की संभावना है।
कुमाऊं में ज्यादा सक्रिय रहेगा मौसम
नैनीताल, हल्द्वानी, भीमताल और भवाली समेत आसपास के इलाकों में दोपहर बाद बादल घिरने और बारिश होने के आसार हैं। बागेश्वर और अल्मोड़ा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पिथौरागढ़ और चंपावत में भी बारिश के तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक तेज बारिश से जलभराव और पहाड़ी सड़कों पर मलबा आने की समस्या हो सकती है। नदी-नालों और ढलानों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
देहरादून समेत इन इलाकों में भी बारिश
देहरादून, ऋषिकेश और मसूरी में आज बादल छाए रहने के साथ दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पौड़ी और चमोली में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना है।

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर, काशीपुर और खटीमा में बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है, हालांकि तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। हरिद्वार में मौसम सामान्य रहने के बीच कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
26-27 सितंबर को बढ़ेगा बारिश का दायरा
रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और टिहरी में आज हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 26 और 27 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर और व्यापक हो सकता है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।
Breakingnews
रुद्रप्रयाग में भीषण हादसा, आमने-सामने टकराईं कार-बाइक, 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Rudraprayag Accident : रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मायकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Table of Contents
रुद्रप्रयाग में आमने-सामने टकराईं कार-बाइक
रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सत्तेराखाल से करीब चार किलोमीटर पीछे मायकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत
मृतक की पहचान रुद्रप्रयाग जिले के ग्राम बोरा निवासी 55 वर्षीय शिव लाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शिव लाल विकास भवन रुद्रप्रयाग में चालक के पद पर तैनात थे। वह ड्यूटी के सिलसिले में रुद्रप्रयाग की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान मायकोटी डाट पुल के समीप सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। बताया गया है कि कार नागनाथ पोखरी की दिशा में जा रही थी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने में लग गई। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया जा रहा है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।









































