Haridwar
भारी बारिश के कारण मध्य हरिद्वार जलमग्न, कांवड़ यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

Haridwar News : उत्तराखंड में देर रात से भारी बारिश का सिलसिला जारी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश हो रही है। पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण हरिद्वार में जलभराव देखने को मिल रहा है।
Table of Contents
भारी बारिश के कारण मध्य हरिद्वार जलमग्न
धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। डाक कांवड़ का दौर जारी है और हजारों शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर तेजी से रवाना हो रहे हैं। लेकिन इसी बीच मौसम ने कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
हरिद्वार के कई इलाके हुए जलमग्न
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने मध्य हरिद्वार के कई इलाकों को जलमग्न कर दिया है। सड़कों पर जगह-जगह पानी भरने से कांवड़ यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय लोगों के लिए भी आवाजाही मुश्किल हो गई है।

जल निकासी के लिए लगाए गए पंपिंग सेट भी बेअसर
हरिद्वार में हालात ये हैं कि नगर निगम की ओर से जल निकासी के लिए लगाए गए पंपिंग सेट भी लगातार हो रही बारिश के सामने बेअसर नजर आ रहे हैं।जलभराव के इन हालातों ने हरिद्वार के ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों के बावजूद भारी बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। अब सबसे बड़ी चुनौती जलभराव से राहत दिलाने और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने की है।
Uttarakhand
2036 ओलंपिक के लिए मंत्री रेखा आर्या की कांवड़ यात्रा, भोलेनाथ से मांगा आशीर्वाद

Haridwar News : 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को मिले इसी कामना के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या ने कांवड़ उठाई है। इसी के साथ उन्होंने आज ‘ओलंपिक 2036 संकल्प कांवड़ यात्रा’ की शुरुआत की।
Table of Contents
2036 ओलंपिक के लिए मंत्री रेखा आर्या की कांवड़ यात्रा
भारत 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करे, इस ऐतिहासिक संकल्प और मनोकामना के साथ उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने ‘ओलंपिक 2036 संकल्प कांवड़ यात्रा’ की शुरुआत की है। यात्रा का शुभारंभ आज सुबह 7:00 बजे हरिद्वार स्थित विश्व प्रसिद्ध ‘हर की पैड़ी’ से हुआ।
ओलंपिक के सफल आयोजन का संकल्प लेते हुए उठाया गंगाजल
हर की पैड़ी पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद देश में ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन का संकल्प लेते हुए गंगाजल उठाया। हरिद्वार से शुरू हुई ये कांवड़ यात्रा अपने मार्ग पर आगे बढ़ते हुए रायवाला पहुंच चुकी है।

‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से पूरा मार्ग गुंजायमान
यात्रा में खेल मंत्री के साथ सैकड़ों की संख्या में महिला खिलाड़ी, एथलीट और स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से पूरा मार्ग गुंजायमान हो रहा है।
आज शाम ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर में होगा समापन
बता दें कि मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है। इस संकल्प कांवड़ यात्रा का समापन आज शाम ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर में होगा। जहां खेल मंत्री रेखा आर्या भगवान शिव का पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक कर भारत की ओलंपिक मेजबानी की सफलता की कामना करेंगी।
Haridwar
हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान हादसा, तेज बहाव में बहा कांवड़िया, तलाश जारी

Haridwar News : हरिद्वार में चल रहे कांवड़ मेले के बीच गंगा स्नान के दौरान हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को हरकी पैड़ी के नजदीक धनुष पुल के नीचे एक कांवड़िया गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।
Table of Contents
हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में बहा कांवड़िया
हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में कांवड़िया बह गया। मिली जानकारी के मुताबिक कांवड़िया सुरक्षा के लिए लगाई गई रेलिंग के बाहर जाकर गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसने गहरे पानी में छलांग लगा दी। पानी का बहाव तेज होने के कारण वो खुद को संभाल नहीं सका और देखते ही देखते गंगा की धारा के साथ बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पलों में वो नजरों से ओझल हो गया।
जल पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
कांवड़िए के गंगा में बहने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम हरकत में आ गई। जल पुलिस के जवानों ने नाव और उपलब्ध अन्य संसाधनों के जरिए गंगा में तलाशी अभियान शुरू किया। टीम नदी के आसपास के संभावित स्थानों पर भी कांवड़िए की तलाश कर रही है।
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास मौजूद एक शिवभक्त गंगा स्नान के दौरान वीडियो बना रहा था। इसी दौरान उसके कैमरे में कांवड़िए के गंगा में छलांग लगाने और तेज बहाव में बहने का घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्रतिबंधित स्थानों पर स्नान से लगातार हो रहे हादसे
कांवड़ मेले को देखते हुए हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों से लगातार अपील की जा रही है कि वे निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। इसके साथ ही तेज बहाव वाले क्षेत्रों और प्रतिबंधित स्थानों पर जाने से बचने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
इसके बावजूद कई श्रद्धालु सुरक्षा के लिए लगाई गई रेलिंग को पार कर नदी के ऐसे हिस्सों में पहुंच जाते हैं, जहां पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे स्थानों पर जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
Uttarakhand
Haridwar News: कांवड़ मेले के बीच दो घरों में चोरी का खुलासा, 3 शातिर गिरफ्तार; ₹5 लाख कैश बरामद

Haridwar News: 3 शातिर चोर गिरफ्तार; ₹5 लाख कैश बरामद
हरिद्वार: कांवड़ मेले की व्यस्तता के बीच रानीपुर पुलिस और सीआईयू को बड़ी सफलता मिली है। टिहरी विस्थापित कॉलोनी में हुई दोहरी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर मिली ₹5 लाख की नकदी, वारदात में इस्तेमाल किया गया टैम्पो और मृतक गृहस्वामी के दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय उर्फ गोलू, सोनू सैनी और सोनू शर्मा शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए मृतक के पुलिस कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था।
Table of Contents
29 जुलाई की रात हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात रानीपुर थाना क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी स्थित गली नंबर A-20 में चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने स्वर्गीय राजेंद्र पाल के मकान नंबर 23/28 के साथ ही पड़ोस के एक बंद मकान को भी निशाना बनाया था।
चोर दोनों मकानों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। मामले में पीड़िता की शिकायत के आधार पर 4 अगस्त को रानीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान पुलिस को परमिट नंबर 2722 वाला एक संदिग्ध नीले रंग का टैम्पो दिखाई दिया। पुलिस ने टैम्पो के नंबर UK07TC0457 के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।
BHEL स्टेडियम के पास से पहला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी देवी मंदिर तिराहे से टैम्पो चालक अक्षय उर्फ गोलू निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मृतक राजेंद्र पाल का पुलिस कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो साथियों सोनू सैनी और सोनू शर्मा के साथ मिलकर बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चेकिंग के दौरान खुद को पुलिसकर्मी बताकर बचने के लिए पुलिस कार्ड अपने पास रखा था।
धामपुर में बेचे थे चोरी के जेवर
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सोने के आभूषण धामपुर में एक व्यापारी को ₹5 लाख में बेचे गए थे।
अक्षय उर्फ गोलू की निशानदेही पर पुलिस टीम ने रावली महदूद में डेंसो चौक के पास स्थित एक कमरे में दबिश दी। यहां से पुलिस ने सोनू सैनी निवासी बिजनौर और सोनू शर्मा निवासी मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी चोरी के जेवर बेचकर मिली रकम को आपस में बांटने की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
₹5 लाख कैश समेत ये सामान बरामद
रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹5 लाख की नकदी बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया टैम्पो और मृतक के कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बरामदगी
- ₹5,00,000 नकद
- घटना में प्रयुक्त टैम्पो
- 1 पुलिस कार्ड
- 1 पैन कार्ड
- अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज
तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनके खिलाफ बिजनौर, कोटद्वार और हरिद्वार के अलग-अलग थानों में चोरी, नकबजनी और अवैध हथियार रखने से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- अक्षय उर्फ गोलू — निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश
- सोनू सैनी — निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश
- सोनू शर्मा — निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
कांवड़ मेले के बीच पुलिस की कार्रवाई
कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के बीच चोरी की इस वारदात का खुलासा पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है। CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहले टैम्पो चालक को पकड़ा और फिर उसकी निशानदेही पर उसके दोनों साथियों तक पहुंची।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Cricket13 hours agoTRT vs SOB Dream11 Prediction Match 29: The Hundred 2026
Breakingnews9 hours agoदेहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा, बीटेक की छात्रा की दर्दनाक मौत
big news8 hours agoउत्तराखंड में भूकंप से डोली धरती, टिहरी और उत्तरकाशी में महसूस किए गए भूकंप के झटके
uttarakhand weather9 hours agoउत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, आज कई जिलों में अलर्ट, जानें अपने जिले का हाल
धर्म-कर्म4 hours agoसूर्यग्रहण पर आसमान में दिखेगा अनोखा नजारा, छह ग्रह एक साथ एक कतार में आएंगे नजर
Uttarakhand6 hours ago2036 ओलंपिक के लिए मंत्री रेखा आर्या की कांवड़ यात्रा, भोलेनाथ से मांगा आशीर्वाद
Chamoli5 hours agoहेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने की तिथि की हुई घोषणा, 10 अक्टूबर को किए जाएंंगे बंद
Breakingnews2 hours agoविधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, दिनेश कुंजवाल ने छोड़ा हाथ का साथ





































