Uttarakhand
हरिद्वार नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस अलर्ट, साइबर सेल खंगाल रही ई-मेल भेजने वाले का डिजिटल फुटप्रिंट

हरिद्वार नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी पुलिस अलर्ट
हरिद्वार नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि धमकी भरा मेल मिलने के बाद बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) टीम को तुरंत मौके पर भेजकर सघन जांच कराई गई है। एहतियात के तौर पर अभी भी संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग अभियान लगातार जारी है।
प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ी
सुरक्षा को चाक-चौबंद करते हुए पुलिस ने हरिद्वार के प्रसिद्ध घाट हरकीपेड़ी और ऋषिकुल मैदान स्थित रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर चौकसी बढ़ा दी है। इसके साथ ही शहर के प्रमुख मंदिरों और अन्य महत्वपूर्ण व भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।

साइबर सेल खंगाल रही डिजिटल फुटप्रिंट
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में साइबर सेल को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है। साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की सटीक पहचान करने के लिए आईपी (IP) एड्रेस और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल जानकारियां जुटा रही है।
आधुनिक तकनीक से होगी आरोपी की धरपकड़
एसएसपी ने बताया कि पहले भी पत्रों के माध्यम से इस तरह की धमकियां सामने आती रही हैं, लेकिन अब डिजिटल माध्यम से भेजे गए इन संदेशों की जांच आधुनिक फॉरेंसिक तकनीक से की जा रही है। पुलिस का साफ कहना है कि डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर आरोपी को जल्द ही ट्रेस कर लिया जाएगा और पूरे मामले का भंडाफोड़ किया जाएगा।
FOR MORE VISIT JANMANCHTV
Haridwar
अंकिता भंडारी की चैट सार्वजनिक करने का आरोप, विनोद आर्य पर कार्रवाई के लिए उठी आवाज

Haridwar News :अंकिता भंडारी की कथित निजी चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में पहाड़ी महासभा ने सोमवार को हरिद्वार की नगर कोतवाली में विनोद आर्य के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। विनोद आर्य अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता हैं।
Table of Contents
अंकिता की चैट सार्वजनिक करने का आरोप
महासभा ने इस पूरे प्रकरण को एक दिवंगत बेटी की निजता और सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। संगठन ने मांग की है कि निजी चैट सार्वजनिक किए जाने और इससे जुड़े संभावित कानूनी उल्लंघनों की निष्पक्ष जांच हो तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अंकिता की निजता और सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी निजता व गरिमा की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। किसी दिवंगत बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई
महासभा के सचिव जसवंत सिंह बिष्ट ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। किसी को भी उसकी निजी चैट सार्वजनिक करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने पुलिस से तत्काल मामले का संज्ञान लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो महासभा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
निजी चैट कहां से मिली, इसकी भी हो जांच
महासभा के संरक्षक सतीश जोशी ने पूरे मामले की गहन जांच की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि अंकिता की निजी चैट किस तरह हासिल की गई और उसे सार्वजनिक करने के पीछे क्या वजह थी। कार्यकारिणी सदस्य दीपक पांडेय समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी इस मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
Haridwar
हरिद्वार में इंसानियत शर्मसार, 11 महीने की बच्ची से दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार

Haridwar News : उत्तराखंड के हरिद्वार में 11 महीने की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते परिजन उसे रात में अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के दौरान दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस को सूचना दी। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
Table of Contents
परिवार के साथ रह रहा था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और करीब 15 दिन पहले ही हरिद्वार आया था। वह बच्ची के परिवार के साथ रहकर एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिवार का करीबी होने के कारण वह बच्ची के साथ भी समय बिताता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने बच्ची को निशाना बनाया।
अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस
बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान चिकित्सकों को दुष्कर्म का पता चला, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। नगर कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों और चिकित्सकों से जानकारी जुटाई। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की भी कराई जा रही मेडिकल जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित होने की आशंका है। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए उसका भी मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। फिलहाल बच्ची और आरोपी दोनों की चिकित्सकीय जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Rudraprayag
द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, ऊखीमठ रवाना हुई उत्सव डोली

Rudraprayag News : उत्तराखंड के पंचकेदारों में शामिल द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर धाम के कपाट सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 8 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
Table of Contents
द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद
द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस दौरान धाम में श्रद्धालुओं, स्थानीय हक-हकूकधारियों और मंदिर से जुड़े लोगों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। भगवान मध्यमहेश्वर के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की धाम यात्रा का समापन हो गया।
शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के लिए रवाना हुई डोली
कपाट बंद होने के बाद भगवान मध्यमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हो गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर को डोली मध्यमहेश्वर धाम से प्रस्थान कर गौण्डार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
इसके बाद 17 नवंबर को डोली गौण्डार से रवाना होकर रांसी स्थित राकेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद 18 नवंबर को डोली गिरिया गांव के लिए प्रस्थान करेगी। गिरिया में रात्रि विश्राम के बाद 19 नवंबर को भगवान मध्यमहेश्वर की उत्सव डोली ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

यहां पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ डोली का स्वागत किया जाएगा और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न होगी। इसके साथ ही शीतकाल के लिए भगवान मध्यमहेश्वर की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में शुरू हो जाएगी।
अब ऊखीमठ में होंगे भगवान मध्यमहेश्वर के दर्शन
शीतकाल के दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान मध्यमहेश्वर के दर्शन कर सकेंगे। इससे भक्तों को बर्फबारी और कठिन मौसम के बीच हिमालय की ऊंचाई पर स्थित धाम तक पहुंचने की जरूरत नहीं होगी।
हिमालय की पर्वत शृंखलाओं के बीच स्थित मध्यमहेश्वर धाम पंचकेदारों में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु कठिन पैदल यात्रा कर यहां पहुंचते हैं। अब कपाट बंद होने के बाद भगवान मध्यमहेश्वर की शीतकालीन पूजा परंपरा के अनुसार ऊखीमठ में संपन्न होगी।
Dehradun23 hours agoउगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
Haridwar18 hours agoहरिद्वार में इंसानियत शर्मसार, 11 महीने की बच्ची से दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार
Rudraprayag22 hours agoद्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, ऊखीमठ रवाना हुई उत्सव डोली
National22 hours agoसोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, खरीदारों के लिए आई राहत की खबर
Haridwar17 hours agoअंकिता भंडारी की चैट सार्वजनिक करने का आरोप, विनोद आर्य पर कार्रवाई के लिए उठी आवाज











































